नोएडा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा रैकेट का किया भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

Noida News: नोएडा के सेक्टर-113 थाना पुलिस ने एक संगठित ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस गिरोह का मुख्य धंधा आईपीएल सहित अन्य क्रिकेट मैचों में लोगों से ऑनलाइन सट्टेबाजी कराना था.

Noida Police busted Online Betting Racket
Photo: Internet

Noida News: नोएडा के सेक्टर-113 थाना पुलिस ने एक संगठित ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस गिरोह का मुख्य धंधा आईपीएल सहित अन्य क्रिकेट मैचों में लोगों से ऑनलाइन सट्टेबाजी कराना था. आरोपियों को सेक्टर-75 स्थित फ्यूटेक गेटवे के प्लॉट नंबर 10, टावर A-2 से पकड़ा गया है.

कैसे चलता था सट्टा रैकेट?

पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गिरोह मेगइनप्ले (MEGAINPLAY.IN) नाम की वेबसाइट के जरिए सट्टेबाजी करता था. वेबसाइट पर यूजर रजिस्ट्रेशन के बाद ओटीपी वेरिफिकेशन के जरिए यूजर आईडी और पासवर्ड बनते थे. सट्टेबाजी की प्रक्रिया बेहद सुनियोजित थी, जिसमें 100 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक की रकम मैच पर लगाई जाती थी. जीतने पर दोगुनी राशि मिलती थी, जबकि हारने पर पूरी रकम चली जाती थी. उपयोगकर्ता अपनी जीत के पॉइंट्स को बैंक अकाउंट में रिडीम भी कर सकते थे.

आरोपियों के पास से ये सब हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 28 एटीएम कार्ड, 2 बैंक पासबुक, 2 चेकबुक, 25 मोबाइल सिम और एक वाईफाई राउटर भी बरामद किया है. डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सचिन पाल, सोनू कुमार मुखिया, प्रवीण कटिहार, अमित कुमार, विष्णु राठौर, सरोज कुमार और शिवम कटिहार शामिल हैं. इनके बैंक खातों की जांच जारी है, जिनमें से कुछ खातों को फ्रीज भी किया जा चुका है. इनमें से एक खाते पर नोएडा, केरल, गुजरात और तेलंगाना में चार अलग-अलग साइबर केस दर्ज हैं.

पुलिस की तकनीकी टीम ऐप की गहन जांच कर रही है, लेकिन फिलहाल ऐप के असली मालिक की पहचान नहीं हो पाई है. उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही तकनीकी विश्लेषण से इस गिरोह के नेटवर्क का पूरा खुलासा हो जाएगा.

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, बेसमेंट की दीवार ढही और 5 मजदूर मलबे में दब गए, 3 की मौके पर मौत