Nostradamus Predictions 2026: नए साल 2026 की शुरुआत होते ही एक बार फिर फ्रांस के रहस्यमयी भविष्यवक्ता नास्त्रेदमस की भविष्यवाणियां सुर्खियों में आ गई हैं. दुनिया भर में उनके अनुयायी और विश्लेषक यह दावा कर रहे हैं कि आने वाला साल मानव इतिहास के लिए बेहद उथल-पुथल भरा और खतरनाक साबित हो सकता है. नास्त्रेदमस की सैकड़ों साल पुरानी भविष्यवाणियों को मौजूदा वैश्विक हालात से जोड़कर देखा जा रहा है, जिससे डर और कौतूहल दोनों बढ़ गए हैं.
उनकी प्रसिद्ध पुस्तक Les Propheties में 2026 को लेकर किए गए संकेतों को लेकर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि इस साल राजनीति, युद्ध और सत्ता संतुलन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
“बिजली से मारा जाएगा महान व्यक्ति”, सत्ता परिवर्तन के संकेत?
नास्त्रेदमस की एक चर्चित भविष्यवाणी में कहा गया है कि वर्ष 2026 में एक “महान व्यक्ति” की मौत बिजली से होगी. इस पंक्ति को लेकर अलग-अलग व्याख्याएं की जा रही हैं. कुछ लोग इसे तकनीकी हमले, विस्फोट या आधुनिक हथियारों से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई विश्लेषकों का मानना है कि यह किसी बड़े और लोकप्रिय वैश्विक नेता की हत्या या अचानक सत्ता परिवर्तन का संकेत हो सकता है. राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह भविष्यवाणी तख्तापलट, विद्रोह या किसी देश में शासन व्यवस्था के अचानक बदलने की ओर भी इशारा कर सकती है.
नास्त्रेदमस कौन थे?
नास्त्रेदमस का असली नाम मिशेल डी नास्त्रेदमस था. वे 16वीं सदी के प्रसिद्ध ज्योतिषी, लेखक और चिकित्सक थे. वर्ष 1555 में प्रकाशित उनकी किताब Les Propheties में 942 रहस्यमयी चौपाइयां शामिल हैं, जिन्हें आने वाले सैकड़ों वर्षों की घटनाओं से जोड़कर देखा जाता रहा है.उनकी भाषा प्रतीकात्मक और अस्पष्ट थी, इसी वजह से हर युग में लोग अपनी परिस्थितियों के अनुसार उनकी भविष्यवाणियों की व्याख्या करते रहे हैं.
यूरोप में हिंसा और खून-खराबे की आशंका
2026 को लेकर नास्त्रेदमस की एक और भविष्यवाणी स्विट्जरलैंड के टिसिनो क्षेत्र से जुड़ी बताई जा रही है. इसमें खून-खराबे और हिंसा का जिक्र मिलता है. आमतौर पर शांत रहने वाला यह इलाका किसी बड़े राजनीतिक या सैन्य फैसले के बाद हिंसक संघर्ष का गवाह बन सकता है.हाल ही में स्विट्जरलैंड के एक महंगे स्की रिजॉर्ट में लगी भीषण आग के बाद कुछ लोग इसे नास्त्रेदमस के संकेतों से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि इसका कोई ठोस प्रमाण नहीं है.
“मधुमक्खियों का झुंड” और तानाशाही ताकतें
नास्त्रेदमस ने अपनी पुस्तक में रात के समय हमला करने वाले मधुमक्खियों के झुंड का भी जिक्र किया है. विशेषज्ञों का मानना है कि यहां मधुमक्खियां वास्तविक कीट नहीं, बल्कि दमनकारी, फासीवादी या तानाशाही शक्तियों का प्रतीक हो सकती हैं.कुछ विश्लेषकों का कहना है कि 2026 में दुनिया के कई हिस्सों में कठोर शासन, नागरिक स्वतंत्रताओं पर पाबंदियां और सत्ता का केंद्रीकरण देखने को मिल सकता है.
सात महीने तक चलने वाले युद्ध का संकेत
नास्त्रेदमस की सबसे डरावनी भविष्यवाणियों में से एक सात महीने तक चलने वाले बड़े युद्ध से जुड़ी है. इसे लेकर आशंका जताई जा रही है कि 2026 में किसी बड़े वैश्विक संघर्ष की शुरुआत हो सकती है.कुछ लोग इसे तीसरे विश्व युद्ध से जोड़कर देख रहे हैं, जिसमें दो या अधिक शक्तिशाली देश आमने-सामने होंगे और भारी जनहानि की आशंका जताई जा रही है.
समुद्र में महायुद्ध और एशिया पर संकट
नास्त्रेदमस ने सात जहाजों के बीच होने वाले भयानक नौसैनिक संघर्ष का भी संकेत दिया है. इस भविष्यवाणी को कई लोग दक्षिण चीन सागर से जोड़ रहे हैं, जहां पहले से ही चीन, ताइवान, फिलीपींस और वियतनाम के बीच तनाव बना हुआ है.विशेषज्ञों के अनुसार, यह संकेत एशिया में किसी बड़े समुद्री टकराव और भू-राजनीतिक संकट की ओर इशारा कर सकता है.
नास्त्रेदमस की भविष्यवाणियां इतनी भयावह क्यों थीं?
इतिहासकारों का मानना है कि नास्त्रेदमस का निजी जीवन गहरे दुखों से भरा रहा. उन्होंने प्लेग महामारी के दौरान अपनी पत्नी और बच्चों को खो दिया था. इस व्यक्तिगत त्रासदी और बाइबिल के गहन अध्ययन ने उनकी लेखनी को रहस्यमयी और विनाशकारी बना दिया.
भविष्यवाणी या संयोग?
हालांकि नास्त्रेदमस की भविष्यवाणियों की पुष्टि के लिए कोई वैज्ञानिक या ऐतिहासिक प्रमाण मौजूद नहीं हैं, लेकिन हर बड़े वैश्विक संकट के समय उनका नाम फिर से चर्चा में आ जाता है.2026 को लेकर की जा रही ये व्याख्याएं लोगों के मन में डर के साथ-साथ जिज्ञासा भी पैदा कर रही हैं. अब यह समय ही बताएगा कि नास्त्रेदमस के शब्द भविष्यवाणी थे या महज संयोग.
यह भी पढ़ें: दुश्मनी के बाद भी एक-दूसरे को अपने परमाणु ठिकानों का पता क्यों देते हैं भारत-पाकिस्तान, क्या है डील?