दिल्ली में इस दिन से शुरू होने जा रही अटल कैंटीन, बस 5 रुपये में मिलेगा भरपेट और पौष्टिक खाना

दिल्ली सरकार ने राजधानी के जरूरतमंदों के लिए एक बेहतरीन पहल शुरू की है. "अटल कैंटीन" नामक इस योजना का उद्देश्य सस्ते और पौष्टिक भोजन का वितरण करना है, ताकि दिल्ली के मजदूर, रिक्शा चालक, कामकाजी लोग और गरीब वर्ग को एक उचित मूल्य पर भरपेट खाना मिल सके.

nutritious food for just Rs 5 in delhi Atal Canteen open from this day
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी के जरूरतमंदों के लिए एक बेहतरीन पहल शुरू की है. "अटल कैंटीन" नामक इस योजना का उद्देश्य सस्ते और पौष्टिक भोजन का वितरण करना है, ताकि दिल्ली के मजदूर, रिक्शा चालक, कामकाजी लोग और गरीब वर्ग को एक उचित मूल्य पर भरपेट खाना मिल सके. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस योजना के बारे में जानकारी दी है और कहा कि इसकी शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिन 25 दिसंबर से की जाएगी.

अटल कैंटीन की शुरुआत कब होगी?

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि अटल कैंटीन योजना 25 दिसंबर, यानी अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिन से शुरू होगी. इस दिन से राजधानी में इस योजना के तहत लोग महज 5 रुपये में पौष्टिक और भरपेट खाना प्राप्त कर सकेंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में हैदरपुर इलाके में अटल कैंटीन के निर्माण स्थल का दौरा किया और इसकी तैयारी की समीक्षा की.

पहले चरण में 100 जगहों पर होगी शुरुआत

दिल्ली सरकार ने अटल कैंटीन योजना के पहले चरण में 100 स्थानों पर एक साथ कैंटीन शुरू करने का फैसला लिया है. इन कैंटीन का उद्घाटन कई प्रमुख इलाकों में किया जाएगा, जैसे शालीमार बाग, राजेंद्र नगर, रोहिणी, पटेल नगर, बदरपुर और करावल नगर. इस योजना के तहत हर कैंटीन पर दो वक्त का खाना—सुबह और शाम—उपलब्ध रहेगा, और प्रत्येक कैंटीन में 500 थालियां भोजन के लिए उपलब्ध होंगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार का मुख्य उद्देश्य यह है कि राजधानी में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए.

अटल कैंटीन के मेन्यू में क्या मिलेगा?

अटल कैंटीन में मिलने वाला खाना पूरी तरह से पौष्टिक और स्वस्थ्य होगा. कैंटीन के मेन्यू में दाल-चावल, सब्जी, और रोटी जैसे न्यूट्रिशनल और सस्ते व्यंजन शामिल होंगे. खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि हर व्यक्ति सुरक्षित और ताजा भोजन का आनंद ले सके. दिल्ली सरकार का मानना है कि यह योजना खासकर उन लोगों के लिए राहत होगी जो रोज़ मेहनत-मजदूरी करते हैं, जैसे मजदूर, सफाई कर्मी, रिक्शा चालक और अन्य श्रमिक वर्ग.

अटल कैंटीन से होने वाले लाभ

अटल कैंटीन योजना से रोज़ी-रोटी कमाने वाले लाखों लोग लाभान्वित होंगे. खासकर कम आय वाले परिवारों के लिए यह योजना एक बड़ी मदद साबित होगी, क्योंकि 5 रुपये में भरपेट खाना मिलने से उनके दैनिक खर्च में काफी राहत मिलेगी. इसके अलावा, इस योजना के तहत खाने की गुणवत्ता को लेकर पूरी तरह से सख्त मॉनिटरिंग की जाएगी. FSSAI और NABL मान्यता प्राप्त लैब से नियमित सैंपल जांच की जाएगी, ताकि खाने की गुणवत्ता पर कोई समझौता न हो.

आधुनिक रसोई और सुरक्षा मानक

अटल कैंटीन के संचालन में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा. रसोई में आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जाएगा और खाना बनाने के लिए एलपीजी आधारित कुकिंग का तरीका अपनाया जाएगा. इसके अलावा, इंडस्ट्रियल आरो (RO) पानी का उपयोग होगा और कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि खाद्य सामग्री ताजगी से भरी रहे. अटल कैंटीन से जुड़े सभी एजेंसियों को खाद्य सुरक्षा लाइसेंस, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और मासिक रिपोर्ट भी अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी.

ये भी पढ़ें: दिल्ली कार ब्लास्ट था आत्मघाती हमला, NIA ने पहली बार किया स्वीकार, मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार