Nvidia: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में जब हर कंपनी तकनीकी क्रांति की लहर पर सवार है, तब अमेरिकी चिप दिग्गज NVIDIA ने एक ऐसा कीर्तिमान रच दिया है, जो अब तक सिर्फ कल्पना लगता था.
कंपनी का मार्केट कैप 5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है, यह मुकाम हासिल करने वाली दुनिया की पहली कंपनी बनकर NVIDIA ने इतिहास रच दिया है. यह उपलब्धि केवल एक कॉर्पोरेट रिकॉर्ड नहीं, बल्कि उस “AI युग” की घोषणा है जिसकी दिशा NVIDIA खुद तय कर रही है.
सिर्फ दो साल में असंभव को संभव किया
साल 2023 के जून में NVIDIA ने पहली बार 1 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा छुआ था. लेकिन अगले दो वर्षों में इसकी ग्रोथ ने वॉल स्ट्रीट को हैरान कर दिया.
इतिहास में किसी भी टेक कंपनी ने इतनी तेज़ी से इतना बड़ा उछाल नहीं देखा.
AI चिप्स की बढ़ती मांग ने बदल दिया खेल
NVIDIA के GPU अब OpenAI, Google, Microsoft, Meta जैसी कंपनियों के AI इंफ्रास्ट्रक्चर की रीढ़ बन चुके हैं. जेनरेटिव AI मॉडल, डेटा सेंटर्स और मशीन लर्निंग ट्रेनिंग, हर क्षेत्र में NVIDIA के चिप्स की मांग आसमान छू रही है. पिछले 12 महीनों में कंपनी के शेयर में 350% की वृद्धि दर्ज की गई है. बाजार विश्लेषक कहते हैं,“AI अब सिर्फ एक टेक्नोलॉजी नहीं, बल्कि नई इंडस्ट्री है, और NVIDIA इसका इंजन है.”
ट्रंप के बयान ने भड़काई रैली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान के बाद NVIDIA के शेयरों में एक ही दिन में 5% की छलांग लग गई. ट्रंप ने संकेत दिया कि सरकार AI क्षेत्र में निवेश और टैक्स इंसेंटिव्स को बढ़ावा देगी. इसका असर सीधा शेयर बाजार में दिखा, कंपनी के वैल्यूएशन में 300 अरब डॉलर का इजाफा हुआ.
भारत की GDP से भी बड़ी कंपनी
NVIDIA का 5 ट्रिलियन डॉलर मार्केट कैप अब भारत की GDP (लगभग 4.19 ट्रिलियन डॉलर) से भी अधिक है. यह तुलना सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. कई विशेषज्ञ इसे “AI युग का एप्पल मोमेंट” कह रहे हैं, यानी वह क्षण जब दुनिया ने भविष्य की दिशा देख ली.
यह भी पढ़ें- सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीकी कप्तान का धमाका! 169 रनों की पारी से मचाया तहलका, तोड़ डाले कई रिकॉर्ड