O Romeo Teaser: एग्रेशन...प्यार...ओल्ड अंदाज, 'ओ रोमियो' का टीजर हुआ रिलीज; कब सिनेमाघरों में आएगी फिल्म?

O Romeo Teaser:  शाहिद कपूर एक बार फिर अपने फैंस को चौंकाने के लिए तैयार हैं. फिल्म ‘ओ रोमियो’ का पोस्टर पहले ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा चुका था और अब शुक्रवार को रिलीज हुए इसके टीजर ने उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है.

O Romeo Teaser launched know when will be movie release in cinema
Image Source: Social Media

O Romeo Teaser:  शाहिद कपूर एक बार फिर अपने फैंस को चौंकाने के लिए तैयार हैं. फिल्म ‘ओ रोमियो’ का पोस्टर पहले ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा चुका था और अब शुक्रवार को रिलीज हुए इसके टीजर ने उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है. महज 1 मिनट 35 सेकेंड का यह टीजर इतना दमदार है कि देखने वाले को शुरू से आखिर तक बांधे रखता है. शाहिद का यह अंदाज न सिर्फ नया है, बल्कि डरावना, हिंसक और पूरी तरह अनप्रीडिक्टेबल भी नजर आता है.


टीजर की ओपनिंग शाहिद कपूर की आवाज से होती है, जहां वह एक यॉट पर किसी को पुकारते नजर आते हैं. अगले ही पल उनका रूप बदल जाता है और स्क्रीन पर एक गुस्से से भरा, काउबॉय स्टाइल वाला शाहिद दिखाई देता है. दरवाजा धड़ाम से खुलता है, तीखी आवाज और आक्रामक भाषा के साथ उनका किरदार अपनी मौजूदगी दर्ज कराता है. यहीं से साफ हो जाता है कि यह रोमियो मोहब्बत में डूबा नहीं, बल्कि अराजकता में जीने वाला है. शाहिद का किरदार गोलियां चलाता है, क्रूज के बीच बाथटब में बैठकर जुआ खेलता है और उसके शरीर पर बने टैटू उसकी हिंसक दुनिया की कहानी कहते हैं. उसकी हंसी तक सुकून नहीं देती, बल्कि डर पैदा करती है. थिएटर में होने वाली खून-खराबे से भरी लड़ाई यह जता देती है कि यह फिल्म थ्रिल और इंटेंस एक्शन से भरपूर होने वाली है.

स्टारकास्ट की झलक ने बढ़ाया रोमांच

टीजर में सिर्फ शाहिद ही नहीं, बल्कि बाकी कलाकार भी अपनी मौजूदगी का असर छोड़ते हैं. दिशा पाटनी अपनी मुस्कान के साथ एंट्री लेती हैं, वहीं नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी और तमन्ना भाटिया की झलक कहानी को और मजबूत बनाती है. खास ध्यान खींचते हैं अविनाश तिवारी, जो इस बार बेहद दमदार और बदले हुए लुक में नजर आ रहे हैं. एक सीन में उनका बैल से मुकाबला और शानदार बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन देखने लायक है. सीनियर अभिनेत्री फरीदा जलाल की आवाज में सुनाई देने वाली टैगलाइन फिल्म के टोन को साफ कर देती है—इश्क, पागलपन और अंजाम के बीच की खतरनाक रेखा.

प्यार और सुकून का पल भी मौजूद

इतनी हिंसा और उथल-पुथल के बीच टीजर एक शांत लम्हा भी देता है, जहां तृप्ति डिमरी की एंट्री होती है. सादगी से भरी, उदास आंखों वाली तृप्ति मछलियों को कैद में तैरते देखती हैं. बैकग्राउंड में अरिजीत सिंह की भावुक आवाज इस सीन को और गहराई देती है. यह पल टीजर को भावनात्मक संतुलन देता है.

यहां देखें VIDEO 

विशाल भारद्वाज और शाहिद की धमाकेदार वापसी

टीजर के हर सेकेंड के साथ दिल की धड़कनें तेज होती जाती हैं और साफ हो जाता है कि निर्देशक विशाल भारद्वाज एक बार फिर दर्शकों को कुछ अलग परोसने वाले हैं. ‘हैदर’ के बाद शाहिद कपूर के साथ यह उनका दूसरा बड़ा कोलैबोरेशन है, जिसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था. फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और टीजर देखकर इतना तय है कि ‘ओ रोमियो’ दर्शकों को एक यादगार सिनेमाई अनुभव देने वाली है.

यह भी पढ़ें: जीला टॉप लागे लू पर नुपूर की सगाई में कृति सैनन ने किया डांस, जीजा ने भी जमकर लगाए ठुमके; देखें VIDEO