ODI World Cup 2027: वैसे तो टीम इंडिया के खिलाड़ी आईपीएल 2026 की तैयारियों में पूरी तरह व्यस्त हैं, लेकिन दूसरी ओर भारतीय क्रिकेट टीम के सेलेक्शन कमिटी का फोकस अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2027 पर है. आईपीएल के दौरान चयनकर्ता अलग-अलग जगहों पर मैचों को देखेंगे और उन खिलाड़ियों पर नजर बनाए रखेंगे जिन्हें उन्होंने वर्ल्ड कप के लिए चुना है.
सूत्रों के अनुसार, चयनकर्ताओं ने पहले ही 20 खिलाड़ियों की लिस्ट फाइनल कर दी है. इन 20 में 6 तेज गेंदबाज शामिल हैं. हालांकि इनमें से एक बड़ा नाम गायब है, जो पिछले वनडे वर्ल्ड कप का स्टार था. अभी वर्ल्ड कप में काफी समय बाकी है, लेकिन चयनकर्ताओं ने पहले ही खिलाड़ियों की फिटनेस, प्रदर्शन और वर्कलोड मैनेजमेंट पर ध्यान देना शुरू कर दिया है.
तेज गेंदबाजों की लिस्ट
2027 के वनडे वर्ल्ड कप की पिचें साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में तेज और उछाल वाली होंगी. इसे ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने 6 तेज गेंदबाजों को फाइनल किया है. इन तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा शामिल हैं. हर्षित राणा फिलहाल चोट से जूझ रहे हैं, लेकिन उम्मीद है कि वह वर्ल्ड कप में खेलेंगे. इस सूची में सबसे बड़ी चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले मोहम्मद शमी इस बार स्क्वाड में नहीं होंगे.
फाइनल 15 खिलाड़ियों की तैयारी
वनडे वर्ल्ड कप के लिए कुल 15 खिलाड़ी फाइनल किए जाएंगे, लेकिन फिलहाल चयनकर्ताओं ने 20 खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार की है. इन 20 में से पांच खिलाड़ियों को बाहर कर अंतिम 15 तय किए जाएंगे. कप्तानी की जिम्मेदारी शुभमन गिल संभालेंगे, जबकि उपकप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर को चुना गया है. इसके अलावा टीम में सीनियर खिलाड़ियों के रूप में विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल शामिल होंगे.
ऑलराउंडर्स की भूमिका में रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर खेल सकते हैं. तेज गेंदबाजों के अलावा स्क्वाड में बल्लेबाज और विकेटकीपर के रूप में यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत और ईशान किशन को जगह मिली है. साथ ही संभावित खिलाड़ी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन भी टीम में शामिल हो सकते हैं.
चयनकर्ताओं की निगरानी
चयनकर्ताओं ने वर्ल्ड कप के लिए मजबूत और संतुलित टीम बनाने का काम शुरू कर दिया है. आईपीएल के दौरान हर खिलाड़ी का प्रदर्शन, फिटनेस और फॉर्म देखा जाएगा. इस प्रक्रिया के बाद ही अंतिम 15 खिलाड़ियों का ऐलान किया जाएगा. इस तरह, टीम इंडिया वर्ल्ड कप 2027 के मिशन को लेकर पूरी तरह तैयार है और चयनकर्ताओं की नजर लगातार खिलाड़ियों पर बनी रहेगी.
ये भी पढ़ें- जंग पर लगेगा ब्रेक! ईरान-अमेरिका के बीच बातचीत शुरू, ट्रंप बोले - 5 दिन पावर प्लांट पर नहीं होगा अटैक