Osman Hadi Funeral: बांग्लादेश की राजनीति इन दिनों गहरे शोक और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है. युवा छात्र नेता और इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होते हुए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने भावुक शब्दों में उनके विचारों और संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया. यूनुस ने कहा कि देश एकजुट होकर उस युवा नेता के सपनों को साकार करने की कोशिश करेगा, जिसने राजनीति को एक नई दिशा देने का साहस दिखाया था.
शरीफ उस्मान हादी पिछले वर्ष हुए छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल थे. उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ चले आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी. महज 32 वर्ष की उम्र में हादी युवाओं के बीच बदलाव और सुधार का प्रतीक बन चुके थे. फरवरी में होने वाले संसदीय चुनावों के लिए वह अपनी राजनीतिक मुहिम की शुरुआत कर चुके थे, तभी उन पर जानलेवा हमला हुआ. ढाका में अज्ञात, मास्क पहने हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल हादी को तुरंत सिंगापुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छह दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया.
हत्या के बाद देश में बढ़ी बेचैनी
हादी की हत्या के बाद से बांग्लादेश में हिंसा और अस्थिरता का माहौल देखने को मिला. देश के अलग-अलग हिस्सों में कई हिंसक घटनाएं सामने आईं, जिनमें प्रमुख मीडिया संस्थानों और सांस्कृतिक केंद्रों को निशाना बनाया गया. इस स्थिति ने बांग्लादेश के लोकतांत्रिक भविष्य और शांतिपूर्ण सत्ता परिवर्तन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, शनिवार को हादी की अंतिम यात्रा के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान शांति बनी रही और किसी नई हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली.
ढाका विश्वविद्यालय में अंतिम संस्कार
हादी की अंतिम यात्रा ढाका विश्वविद्यालय परिसर में स्थित राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की समाधि के पास आयोजित की गई. यह स्थान अपने आप में प्रतीकात्मक महत्व रखता है और किसी युवा राजनीतिक नेता को यहां अंतिम सम्मान मिलना एक दुर्लभ अवसर माना जा रहा है. इसी परिसर में हादी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया.
यूनुस का भावुक संदेश
शोक सभा को संबोधित करते हुए मोहम्मद यूनुस ने कहा, “आज हम सब मिलकर यह संकल्प लेते हैं कि हादी के विचारों और मूल्यों को अधूरा नहीं रहने देंगे.” उन्होंने हादी की राजनीतिक सोच की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राजनीति में विनम्रता, शालीनता और नैतिकता का उदाहरण पेश किया. यूनुस ने भरोसा जताया कि हादी की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी और बांग्लादेश की राजनीतिक संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगी.
आने वाले चुनावों पर टिकी निगाहें
बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आगामी संसदीय चुनावों को देश के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. कई विश्लेषकों का मानना है कि यह चुनाव राजनीतिक अस्थिरता से बाहर निकलने और देश को स्थिरता व विकास की राह पर ले जाने का एक महत्वपूर्ण मौका हो सकता है. ऐसे में शरीफ उस्मान हादी की विरासत और उनके सपनों का असर आने वाले राजनीतिक परिदृश्य पर साफ दिखाई दे सकता है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान को वर्ल्ड बैंक ने दिए 700 मिलियन अमेरिकी डॉलर, इन पैसों का कहां इस्तेमाल करेंगे शहबाज?