भारत के लिए काम कर रही तालिबान सरकार, हमले के बाद ख्वाजा आसिफ ने फिर उगला जहर

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने साफ कर दिया है कि अब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों का युग समाप्त हो चुका है. उन्होंने कहा कि अफगान नागरिक अब पाकिस्तान में रहने के बजाय अपने देश लौट जाएं क्योंकि अब उनके पास अपनी सरकार है.

Pakistan and Afghanistan clash khawaja asif remarks
Image Source: ANI

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने साफ कर दिया है कि अब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों का युग समाप्त हो चुका है. उन्होंने कहा कि अफगान नागरिक अब पाकिस्तान में रहने के बजाय अपने देश लौट जाएं क्योंकि अब उनके पास अपनी सरकार है.

ख्वाजा आसिफ ने दो टूक कहा, "हमारी जमीन और संसाधन सिर्फ पाकिस्तान के 25 करोड़ नागरिकों के लिए हैं." यह बयान उस वक्त आया है जब हाल ही में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में एयरस्ट्राइक की, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा गया है.

सीमा पर संघर्ष और अस्थायी युद्धविराम

सीमा पर हुई गोलीबारी के बाद दोनों पक्षों में 48 घंटे का सीजफायर लागू हुआ था, जिसे बाद में दोहा में चल रही वार्ता के समाप्त होने तक के लिए बढ़ा दिया गया. लेकिन पाकिस्तान ने सीजफायर के बावजूद फिर से एयरस्ट्राइक कर दी, जिससे तालिबान नाराज हो गया और समझौते को टूट चुका बताया.

836 विरोध-पत्र और 13 मांगे: पाकिस्तान की ओर से दबाव

आसिफ के अनुसार, पाकिस्तान ने अब तक अफगानिस्तान को कुल 836 विरोध-पत्र भेजे हैं और 13 विशेष मांगे रखी हैं, जो सभी सीमा पार आतंकवाद से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब पाकिस्तान न तो कोई प्रतिनिधिमंडल काबुल भेजेगा और न ही किसी तरह की शांति वार्ता की अपील करेगा.

आतंक के खिलाफ सख्त संदेश

रक्षा मंत्री ने कहा, "आतंकवाद जहाँ भी पनप रहा है, उसे उसकी कीमत चुकानी पड़ेगी." यह संकेत है कि पाकिस्तान अब केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि कार्रवाई की नीति अपना रहा है.

भारत पर भी लगाए गंभीर आरोप

अपने बयान में ख्वाजा आसिफ ने भारत को भी घसीटते हुए आरोप लगाया कि तालिबान सरकार अब भारत के इशारे पर काम कर रही है और पाकिस्तान के खिलाफ साजिशें रच रही है. उन्होंने कहा, "जो कभी हमारी हिफाजत में रहते थे, आज भारत की गोद में बैठ गए हैं."

भारत-अफगान नजदीकी से असहज है पाकिस्तान?

विशेष बात यह रही कि पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक ऐसे समय में हुई जब अफगान विदेश मंत्री भारत यात्रा पर थे. इससे यह स्पष्ट होता है कि पाकिस्तान केवल आतंकवाद ही नहीं, भारत और अफगानिस्तान की बढ़ती नजदीकियों को लेकर भी चिंतित है.अंत में ख्वाजा आसिफ ने सख्त चेतावनी दी कि यदि अफगानिस्तान की ओर से सीमा पर कोई भी उकसाने वाली कार्रवाई की गई, तो पाकिस्तान उसका करारा जवाब देगा.

यह भी पढ़ें:  'मैं इस जंग को चुटकियों में सुलझा सकता हूं...' पाकिस्तान-तालिबान जंग से ट्रंप को नोबल की उम्मीद, Video