पाकिस्तान के आर्थिक केंद्र कराची से शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब शहर के एक व्यस्त इलाके में स्थित बहुमंजिला शॉपिंग मॉल में अचानक भीषण आग भड़क उठी. इस हादसे में अब तक कम से कम तीन लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार लगभग एक दर्जन लोग झुलसकर घायल हो गए हैं. आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में मॉल की कई मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं. पुलिस और राहत एजेंसियों के अनुसार, इस आगजनी में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के भीतर मौजूद दर्जनों दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है.
गुल प्लाजा में देर रात मची अफरा-तफरी
यह आग कराची के प्रसिद्ध गुल प्लाजा में रात करीब 10 बजे लगी. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आग लगने के समय अधिकांश दुकानदार मॉल बंद कर चुके थे और घर लौट रहे थे. यही वजह रही कि मॉल के भीतर लोगों की संख्या कम थी, जिससे एक बड़े हादसे से बचाव हो सका. अधिकारियों का मानना है कि यदि यह आग व्यस्त समय में लगी होती, तो जानमाल का नुकसान कहीं अधिक हो सकता था.
ज्वलनशील सामान बना आग फैलने की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग मॉल के उस हिस्से से उठी जहां आयातित कपड़े, रेडीमेड गारमेंट्स और प्लास्टिक से बने घरेलू उत्पादों का भंडारण किया गया था. इन अत्यधिक ज्वलनशील वस्तुओं के कारण आग ने बेहद तेजी से फैलकर पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने बताया है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
दमकल विभाग की कड़ी मशक्कत
घटनास्थल से सामने आए टीवी फुटेज में दमकलकर्मी पूरी सुरक्षा किट पहनकर आग बुझाने में जुटे नजर आए. कई फायर ब्रिगेड वाहनों को मौके पर तैनात किया गया, जिन्होंने सीढ़ियों, हाई-प्रेशर पानी की तोपों और होज़ पाइपों की मदद से ऊपरी मंजिलों तक पानी पहुंचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत की खिड़कियों और बालकनियों से उठती लपटें दूर से साफ दिखाई दे रही थीं. एसोसिएटेड प्रेस के एक संवाददाता ने बताया कि आग से उठा घना काला धुआं रात के आसमान में कई ब्लॉक दूर तक नजर आ रहा था.
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
गौरतलब है कि कराची में इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं. नवंबर 2023 में भी शहर के एक अन्य शॉपिंग मॉल में भीषण आग लगी थी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी. बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर में अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें: ग्रीनलैंड सौदे का विरोध कर रहे यूरोपीय देशों पर ट्रंप का वार, फ्रांस और जर्मनी सहित इन 8 देशों पर लगाया 10% टैरिफ