Palghar News: मां का प्यार हमेशा से सबसे प्यारा और अटूट माना गया है, लेकिन कभी-कभी कुछ ऐसी घटनाएं सामने आती हैं जो इस विश्वास को झकझोर देती हैं. महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक बेहद ही दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
पालघर के धनसार काशीपाड़ा में रहने वाली महिला पल्लवी घुमड़े ने अपने सात साल के बेटे चिन्मय गणेश घुमड़े को चिकन खाने की मांग करने पर बेलन से बेरहमी से पीटा. इस कड़ी पिटाई की वजह से मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उसकी दस साल की बड़ी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
मां के गुस्से की वजह थी चिकन की मांग
जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे मां से बार-बार चिकन खाने की जिद कर रहे थे. इसी बात से नाराज होकर पल्लवी ने गुस्से में आकर दोनों बच्चों पर अत्याचार करना शुरू कर दिया. यह दर्दनाक घटना इलाके में सनसनी फैल गई है.
पुलिस ने मां को किया गिरफ्तार
पालघर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मां पल्लवी को गिरफ्तार कर लिया है. महिला ने बेटे की हत्या की बात स्वीकार भी कर ली है. पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी महिला अपने पति से अलग रह रही थी. पुलिस अभी आरोपी से पूछताछ कर रही है.
इलाके में मचा हड़कंप
यह दर्दनाक घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच को तेज़ कर दिया है. उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस मामले में सच्चाई सामने आएगी और दोषी को सजा मिलेगी.
ये भी पढ़ें: लाडकी बहिन योजना को लेकर फडणवीस सरकार का बड़ा कदम, तुरंत करें ये काम, वरना अकाउंट में नहीं आएंगे पैसे