नहीं रहे ‘कर्ण’ के रूप में दिलों में बसे पंकज धीर, लंबे समय से थे कैंसर से पीड़ित

Pankaj Dheer Death: भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री के लिए 15 अक्टूबर की सुबह एक दुखद खबर लेकर आई. ‘महाभारत’ में कर्ण का यादगार किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है. 68 वर्ष की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.

Pankaj Dheer Death In a age of 68 Due to cancer
Image Source: Social Media

Pankaj Dheer Death: भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री के लिए 15 अक्टूबर की सुबह एक दुखद खबर लेकर आई. ‘महाभारत’ में कर्ण का यादगार किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है. 68 वर्ष की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. बीते कुछ समय से वे कैंसर से जूझ रहे थे और मुंबई के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था.

टीवी और फिल्म जगत में सक्रिय कई दशकों तक अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने वाले पंकज धीर के निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है. उनके असमय जाने से उनके प्रशंसकों और सहकर्मियों को गहरा धक्का लगा है.

‘महाभारत’ का कर्ण जो बन गया अमर

पंकज धीर को उनकी भारी-भरकम आवाज़ और सशक्त अभिनय के लिए जाना जाता था. लेकिन 1988 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए बी.आर. चोपड़ा के ऐतिहासिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में निभाया गया कर्ण का किरदार उनके करियर का मील का पत्थर साबित हुआ. इस रोल ने उन्हें अपार लोकप्रियता दिलाई और दर्शकों के दिलों में स्थायी जगह बना दी. उनके निभाए कर्ण को लेकर लोगों में इतनी श्रद्धा थी कि कई जगहों पर उनकी मूर्तियां तक स्थापित की गईं और पूजी गईं. टेलीविजन से लेकर बड़े पर्दे तक, पंकज धीर ने अपने हर किरदार में गहराई और गरिमा बनाए रखी.

फिल्मों में भी निभाई अहम भूमिकाएं

पंकज धीर सिर्फ टेलीविजन तक ही सीमित नहीं रहे. उन्होंने ‘सड़क’, ‘बादशाह’, ‘सोल्जर’, ‘तिरंगा’ जैसी कई हिंदी फिल्मों में भी उल्लेखनीय भूमिकाएं निभाईं. उनके अभिनय में संजीदगी और प्रभाव हमेशा दिखता रहा. साथ ही उन्होंने कई टीवी सीरियल्स में भी काम किया और निर्देशन के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई. इंडस्ट्री में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता.

परिवार भी अभिनय की दुनिया में सक्रिय

पंकज धीर के बेटे निकितिन धीर भी एक सफल अभिनेता हैं. उन्होंने ‘जोधा अकबर’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और ‘शेरशाह’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है. वहीं, उनकी बहू कृतिका सेंगर भी टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा हैं, जो ‘झांसी की रानी’ और ‘पुनर्विवाह’ जैसे धारावाहिकों में नजर आ चुकी हैं.

विले पार्ले में होगा अंतिम संस्कार

पंकज धीर का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले स्थित पवनहंस श्मशान घाट पर आज (15 अक्टूबर) किया जाएगा. उनके परिवार, करीबी मित्रों और फिल्म-टीवी जगत की कई हस्तियों के अंतिम विदाई में शामिल होने की संभावना है. उनके जाने से भारतीय टेलीविजन के एक युग का अंत हुआ है. वह हमेशा ‘दानवीर कर्ण’ के रूप में लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे.

यह भी पढ़ें: क्या बिग-बॉस में वाइल्ड कार्ड एंट्री बनकर फिर से हिस्सा लेंगी राखी सावंत? एयरपोर्ट पर अपने लिए मांगे वोट