Patna News: पटना में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने बिहार पुलिस तक को हैरान कर दिया. खुद को IPS अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाला एक युवक आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया. आरोपी असरार अहमद, जो खुद को 'ADG रैंक' का अधिकारी बताता था, फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
फुलवारी शरीफ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक युवक लंबे समय से IPS अधिकारी बनकर ठगी कर रहा है. पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और आरोपी असरार अहमद को रंगे हाथों दबोच लिया. पूछताछ में पता चला कि आरोपी पटना के फुलवारी शरीफ का ही रहने वाला है.
"मैं ADG हूं…"
असरार अहमद खुद को पुलिस मुख्यालय में तैनात 'ADG' बताता था. वह खास तौर पर ज़मीन विवाद जैसे मामलों में हस्तक्षेप करता और खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों को धमकाता था. इसी डर का फायदा उठाकर वह लोगों से मोटी रकम वसूलता था.
मोबाइल और ईमेल से चलाता था ठगी का खेल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोबाइल कॉल और ईमेल के ज़रिए भी लोगों को ठगता था. वह ऐसे मामलों की पहचान करता था, जिनमें लोग पहले से ही तनाव में होते, और फिर खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताकर दबाव बनाता था.
कई लोगों से ठगी
अब तक की जांच में सामने आया है कि असरार अहमद ने छह से अधिक लोगों से ठगी की है. इनमें एक सरकारी कर्मचारी भी शामिल है, जो आरोपी की धमकियों और रुतबे से डर गया था. आरोपी लोगों से ‘समाधान’ के नाम पर पैसे ऐंठता था.
पुलिस को ठगी के नेटवर्क का शक
फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या इस ठगी में और लोग शामिल थे. साथ ही, ठगे गए अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान भी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: नीतीश सरकार का युवाओं को तोहफा, बिहार में शुरू होगी मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना, कैबिनेट ने लगाई मुहर