Breaking News: मेहुल चोकसी की भारत वापसी का रास्ता साफ, भगोड़े हीरा कारोबारी पर बड़ी कार्रवाई

भारत के लिए एक बड़ी कानूनी सफलता के तौर पर, बेल्जियम के एंटवर्प शहर की एक अदालत ने भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को हरी झंडी दे दी है. शुक्रवार को सुनाए गए फैसले में कोर्ट ने मेहुल चोकसी की वह याचिका खारिज कर दी जिसमें उसने भारत भेजे जाने का विरोध किया था. इस निर्णय के साथ ही पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के मुख्य आरोपियों में से एक चोकसी को भारत वापस लाने का रास्ता साफ हो गया है.

चोकसी पर 13,000 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी का आरोप है और वह लंबे समय से भारतीय एजेंसियों की गिरफ्त से बाहर था. हालांकि, कानूनन उसके पास अभी भी बेल्जियम की उच्च अदालत (हाईकोर्ट) में इस फैसले को चुनौती देने का विकल्प खुला है.