पत्नी के आरोपों पर बोले पवन सिंह, भ्रम फैलाया गया...ज्योति ने दे दिया ओपन चैलेंज

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित हस्ती पवन सिंह एक बार फिर अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं. उनकी पत्नी ज्योति सिंह के साथ रिश्तों में चल रही तनातनी अब सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक बहस का रूप ले चुकी है.

Pawan singh reaction on allegations of his wife jyoti
Image Source: Social Media

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित हस्ती पवन सिंह एक बार फिर अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं. उनकी पत्नी ज्योति सिंह के साथ रिश्तों में चल रही तनातनी अब सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक बहस का रूप ले चुकी है. एक तरफ जहां ज्योति ने अपने साथ हो रहे व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की, वहीं पवन सिंह ने भी सोशल मीडिया पर सफाई पेश करते हुए अपनी बात रखी है.

हाल ही में ज्योति सिंह ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उन्हें पवन सिंह के घर में घुसने नहीं दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके आने की खबर मिलते ही वहां पुलिस को बुला लिया गया. यहां तक कि उन्होंने पवन सिंह के घर के बाहर आत्महत्या तक की धमकी दे दी थी. ज्योति का कहना है कि वो सिर्फ अपने अधिकार के लिए खड़ी हैं और यह लड़ाई अब सिर्फ निजी नहीं रही, बल्कि जनहित का मामला बन चुकी है.

पवन सिंह की प्रतिक्रिया  “सच जनता के सामने है”

इस पूरे विवाद पर पवन सिंह ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट लिखकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि वह जनता को भगवान मानते हैं और कभी भी उनकी भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचा सकते. पवन सिंह ने तीन मुख्य बिंदुओं के जरिए अपनी पत्नी के आरोपों का जवाब दिया: उन्होंने बताया कि जब ज्योति उनके घर आईं तो उन्होंने उन्हें सम्मानपूर्वक अपने घर बुलाया और करीब डेढ़ घंटे बातचीत भी हुई. उनका दावा है कि ज्योति केवल इस बात पर अड़ी रहीं कि उन्हें चुनाव लड़ाया जाए, जो कि पवन सिंह के बस में नहीं है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वहां मौजूद पुलिस उनकी तरफ से नहीं, बल्कि किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए पहले से तैनात थी.

ज्योति का पलटवार – “चलो जनता के सामने सच साबित करें”

पवन सिंह की सफाई के बाद, ज्योति सिंह ने भी इंस्टाग्राम पर एक ओपन चैलेंज पोस्ट कर दिया. उन्होंने लिखा कि अब यह मामला घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहा, और जनता को सच जानने का अधिकार है. ज्योति ने पवन को मीडिया के सामने आमने-सामने बैठकर बात करने की चुनौती दी. उन्होंने कहा कि यदि आप भी अपने को सही मानते हैं, तो आइए मीडिया के सामने और बताइए सच्चाई. मैं जानती हूं कि मैं अपनी बात को साबित कर सकती हूं. उन्होंने चुनाव से जुड़े आरोपों का भी खंडन करते हुए कहा कि अगर पवन सिंह उन्हें अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार करते हैं, तो वो चुनाव नहीं लड़ेंगी. साथ ही, उन्होंने अपने आने-जाने की सीसीटीवी फुटेज मौजूद होने की बात भी कही.

क्या अब आमने-सामने होंगे पवन और ज्योति?

इस पूरे मामले ने भोजपुरी इंडस्ट्री के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है. दोनों की शादी साल 2018 में हुई थी और वर्तमान में उनका तलाक केस अदालत में लंबित है. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या पवन सिंह अपनी पत्नी की चुनौती को स्वीकार करते हैं या नहीं. फैंस को इस बहस का अगला अध्याय जल्द ही देखने को मिल सकता है.

यह भी पढ़ेंः '2nd Baby Coming Soon', भारती सिंह ने फैंस को दी खुशखबरी; सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी जानकारी