भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों बिजनेस रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में अपने मस्तमौला अंदाज़ से दर्शकों का दिल जीत रहे हैं. अशनीर ग्रोवर द्वारा प्रस्तुत इस शो में पवन सिंह का अंदाज़ जहां लोगों को हंसाता है, वहीं उनके कुछ खास कंटेस्टेंट्स के साथ दिख रहे बॉन्ड ने सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चाएं बटोरी हैं.
शो में डांसर और कंटेंट क्रिएटर धनश्री वर्मा के साथ पवन सिंह की कैमिस्ट्री कुछ अलग ही रंग में नजर आ रही है. दोनों के बीच की मज़ाकिया छेड़छाड़ दर्शकों को खूब लुभा रही है. एक एपिसोड में जब पवन सिंह ने कहा कि,धनजी जब बात करते-करते नीचे देखने लगती हैं तो लगता है लड़की शरमा गई, तो खुद धनश्री भी अपनी हंसी नहीं रोक पाईं. वहीं, शो में मौजूद कंटेस्टेंट अरबाज पटेल ने जैसे ही बात में टांग अड़ाई, तो धनश्री ने उन्हें झट से टोकते हुए कहा, “तुम चुप रहो.”
बिंदी-साड़ी को लेकर पवन सिंह का अनुरोध
पवन सिंह की फ्लर्टिंग यहीं नहीं रुकी. उन्होंने धनश्री से बिंदी लगाने की गुजारिश की. बोले, “जो आपने आउटफिट पहना है, उस पर बिंदी खूब फबेगी.” जब धनश्री ने जवाब दिया कि बिंदी इंडियन ड्रेस पर ज्यादा जमेगी, तो पवन सिंह ने तुरंत कहा, “तो साड़ी पहनिए.” इस पर धनश्री ने हंसते हुए कहा कि उन्हें साड़ी पहनना नहीं आता. इस बातचीत में अरबाज ने जोड़ा कि आजकल रेडीमेड साड़ियां भी आती हैं, जिसे पहनना आसान है.
“पैसे ले लो, बस साड़ी मंगवा दो” – पवन सिंह का ऑफर
पवन सिंह ने सिर्फ बातें ही नहीं की, बल्कि शो के मेकर्स से अपील करते हुए कहा कि “मुझसे पैसे ले लीजिए, लेकिन इनके लिए एक साड़ी जरूर मंगवाइए.” उन्होंने यह भी जोड़ा कि वो कई बार कह चुके हैं कि धनश्री बिंदी लगाएं, लेकिन वो बात नहीं मानतीं. पवन की इस अदा पर ना सिर्फ शो के कंटेस्टेंट्स मुस्कुरा उठे बल्कि धनश्री खुद भी उनकी बातों से झेंप गईं.
ध्यान खींचने में माहिर हैं दोनों सितारे
जिस अंदाज़ में पवन सिंह शो में धनश्री से फ्लर्ट करते नजर आ रहे हैं, और जिस तरह से धनश्री अब उन बातों को सहजता से लेती दिख रही हैं, उससे साफ है कि दोनों इस रियलिटी शो के फॉर्मेट और दर्शकों की नब्ज को अच्छी तरह समझते हैं. शो के शुरुआती एपिसोड्स में जहां धनश्री उनकी फ्लर्टिंग से असहज थीं, अब वो भी उनकी बातों में हंसी-मजाक के साथ शामिल हो रही हैं.
यह भी पढ़ें: "हम सब कभी न कभी खुद पर शक...", मलाइका अरोड़ा ने ट्रोलर को दिया बेबाक जवाब; इस बात पर भी तोड़ी चुप्पी