Jaipur News: राजस्थान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ उठाने वाले 6 लाख पेंशनधारियों के लिए बुरी खबर है. अगर आपने अब तक वार्षिक सत्यापन नहीं करवाया तो आपकी पेंशन जल्द ही बंद हो सकती है. पेंशनधारियों को इस प्रक्रिया को पूरा करने का अंतिम मौका 15 जुलाई तक है. ऐसे में यदि आपने सत्यापन नहीं करवाया है, तो जल्दी ही इसे पूरा कर लें, वरना पेंशन की राशि से वंचित हो सकते हैं.
4 दिन में करवाएं सत्यापन
राजस्थान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशन पा रहे लगभग 6 लाख पेंशनधारियों का वार्षिक सत्यापन अब तक नहीं हुआ है. अगर इन पेंशनधारियों ने 15 जुलाई तक सत्यापन नहीं करवाया तो उन्हें पेंशन मिलना बंद हो सकता है. हालांकि, राज्य के 84 लाख पेंशनधारियों ने समय पर सत्यापन करवाया है, लेकिन जो लोग अभी भी इस प्रक्रिया से चूक गए हैं, उनके लिए यह आखिरी मौका है.
सत्यापन की प्रक्रिया कैसे करें?
पेंशनधारियों को अब सत्यापन के लिए RAJSSP मोबाइल एप्प और Face RD App का उपयोग करना होगा. इस एप के माध्यम से आपको सबसे पहले अपना मोबाइल नंबर और OTP डालना होगा. फिर, पेंशनधारी का पीपीओ नंबर एंटर करने पर उसका नाम, पिता/पति का नाम, योजना का नाम, और आधार नंबर स्क्रीन पर दिखाई देगा.
इसके बाद, Face Capture विकल्प पर क्लिक करके आपको अपना लाइव फोटो कैप्चर करना होगा. इस दौरान आपको अपनी आंखें टिमटिमानी होती हैं, ताकि सत्यापन सही तरीके से हो सके. इसके बाद, आधार पोर्टल से आपका फोटो सत्यापित होते ही पेंशनधारी का वार्षिक भौतिक सत्यापन पूरी तरह से घर बैठे नि:शुल्क हो जाएगा. यह सत्यापन प्रक्रिया किसी भी एंड्रॉयड फोन के माध्यम से पूरी की जा सकती है.
ये भी पढ़ें: 'चोखी ढाणी' रिसॉर्ट ने भारतीय जिम्मेदार पर्यटन पुरस्कार 2025 में सतत नेतृत्व के लिए जीता स्वर्ण पदक