Earthquake In Philippines: मंगलवार रात फिलीपींस के सेंट्रल हिस्से में जब ज़मीन कांपने लगी, तो लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया. घड़ियों में रात के 10 बजे थे, जब अचानक 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक भूकंप का केंद्र पालोमपोन के पश्चिम में समुद्र के नीचे लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था. इस ज़ोरदार झटके ने पूरे विसायन द्वीप समूह को हिला कर रख दिया.
USGS के अनुसार, इस भूकंप से पांच लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से कई को बहुत तेज झटके महसूस हुए. एजेंसी ने चेतावनी दी है कि ऐसे झटके कमजोर ढांचों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं. सेबू और लेयटे के उत्तरी इलाकों में इसका असर सबसे ज्यादा देखा गया. स्थानीय प्रशासन ने तटीय इलाकों में सुनामी अलर्ट भी जारी कर दिया है.
क्या फिलीपींस में भूकंप अब आम बात हो गई है?
सिर्फ यही एक घटना नहीं, पिछले कुछ महीनों में फिलीपींस बार-बार धरती की थरथराहट का शिकार बन रहा है. 15 जुलाई को इलोकोस नॉर्ट प्रांत में 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था. 24 जून को दक्षिणी हिस्से में 6.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. 2022 में भी 7.0 तीव्रता का बड़ा भूकंप आया था, जिसमें 600 से ज़्यादा लोग घायल हुए थे. इन सभी घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि फिलीपींस एक बार फिर भूकंपीय संकट की दहलीज़ पर खड़ा है.
फिलीपींस क्यों है इतना संवेदनशील?
फिलीपींस की भूगोलिक स्थिति ही इसकी सबसे बड़ी चुनौती है. यह देश प्रशांत रिंग ऑफ फायर पर बसा है, एक ऐसा इलाका जहां टेक्टोनिक प्लेट्स लगातार खिसकती और टकराती रहती हैं. यही कारण है कि यहां बार-बार भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट और भूस्खलन जैसे प्राकृतिक आपदाएं आती हैं.
सिर्फ फिलीपींस ही नहीं, पूरा प्रशांत क्षेत्र है खतरे में
30 जुलाई को रूस के कमचटका प्रायद्वीप के पास 8.7 तीव्रता का एक और भीषण भूकंप दर्ज किया गया. इसके चलते इंडोनेशिया, जापान, और यहां तक कि फिलीपींस में भी सुनामी अलर्ट जारी करना पड़ा. इन सभी घटनाओं से साफ है कि प्रशांत क्षेत्र एक सक्रिय भूकंपीय दौर से गुजर रहा है, जो भविष्य में और भी बड़ी आपदाओं का संकेत हो सकता है.
यह भी पढ़ें- Equal AI का धमाकेदार डेब्यू, भारत में लॉन्च होगा पहला AI कॉल असिस्टेंट; स्पैम कॉल्स से मिलेगी राहत!