Pentagon Pizza Theory: अमेरिका दुनिया की सबसे प्रभावशाली सैन्य ताकत है, और वहां लिए जाने वाले हर बड़े फैसले के पीछे लंबी रणनीतिक चर्चा और गहन तैयारी होती है. दिलचस्प बात यह है कि अक्सर पेंटागन के भीतर चल रही गतिविधियों का अंदाजा सीधे किसी आधिकारिक बयान से नहीं, बल्कि बाहर से आने वाले छोटे-छोटे संकेतों से लग जाता है. हाल ही में ऐसा ही एक संकेत सोशल मीडिया पर फिर चर्चा में आ गया, पेंटागन पिज्जा थ्योरी.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मौजूद “Pentagon Pizza Reports” नाम के पेज ने दावा किया कि पेंटागन के सबसे नजदीक स्थित डोमिनोज आउटलेट पर अचानक असामान्य रूप से भारी ऑर्डर आने लगे. शाम 5:33 बजे तक यह स्टोर इतना व्यस्त दिखा कि आस-पास की बाकी पिज्जा शॉप्स पर सामान्य से भी कम ऑर्डर होने के बावजूद यह आउटलेट ओवरलोडेड नजर आया.
इस एक घटना ने सोशल मीडिया पर अटकलों की बाढ़ ला दी. बड़ी संख्या में यूज़र्स ने यह मानना शुरू कर दिया कि पेंटागन में किसी गंभीर अंतरराष्ट्रीय निर्णय पर बैठक चल रही है, और संभावना जताई गई कि इसका संबंध वेनेजुएला पर संभावित सैन्य कदम से हो सकता है.
पेंटागन पिज्जा थ्योरी क्या है?
अमेरिका में यह थ्योरी कोई नई बात नहीं, बल्कि एक लंबे समय से बहस और दिलचस्प कहानियों का हिस्सा रही है. इसके अनुसार, जब भी अमेरिकी खुफिया एजेंसियों या रक्षा विभाग के आसपास पिज्जा की डिमांड बढ़ती है, तो इसका मतलब माना जाता है कि किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय संकट पर उच्च-स्तरीय मीटिंग चल रही है.
यह थ्योरी पहली बार 1990 के दशक में उस समय सुर्खियों में आई, जब वॉशिंगटन के एक डोमिनोज फ्रेंचाइज़ मालिक फ्रैंक मीक्स ने बताया था कि 1 अगस्त 1990 की रात CIA ने अचानक 21 पिज्जा ऑर्डर किए और अगले ही दिन इराक ने कुवैत पर हमला कर दिया. कहा जाता है कि इसी पैटर्न को बाद में कई घटनाओं में देखा गया, जैसे बिल क्लिंटन के महाभियोग के समय या अन्य बड़े वैश्विक संकटों में.
जब "पिज्जा इंडेक्स" सही साबित हुआ
सोवियत काल के दौरान खुफिया एजेंसियों ने यह ट्रेंड नोट किया था कि अगर पेंटागन में देर रात तक पिज्जा डिलीवरी तेज हो जाती है, तो इसका मतलब है कि अमेरिकी सेना किसी बड़े ऑपरेशन की तैयारी में है. सोवियत अधिकारियों ने इसे मज़ाकिया अंदाज़ में “Pizzint” नाम दिया था, जो “Pizza Intelligence” का छोटा रूप था.
हालिया उदाहरण भी इस थ्योरी के पक्ष में जाते हैं. जून में इसी पेज ने दावा किया था कि पेंटागन में पिज्जा ऑर्डर में अचानक बढ़ोतरी हुई और उसी के कुछ देर बाद इज़रायल ने ईरान पर हमला किया था. अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर इसमें शामिल होने से इनकार किया, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि उस हमले के पीछे अमेरिकी समर्थन मौजूद था.
अमेरिका-वेनेजुएला विवाद क्यों बढ़ रहा है?
पिछले कुछ हफ्तों से अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर यह घोषणा की कि वेनेजुएला के ऊपर का पूरा हवाई क्षेत्र “प्रतिबंधित” मान लिया जाए. उन्होंने एयरलाइंस से लेकर तस्करों तक सभी को चेतावनी दी. अमेरिका लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि वेनेजुएला ड्रग तस्करी का एक बड़ा ठिकाना बन चुका है.
दूसरी ओर, राष्ट्रपति निकोलस मादुरो इन आरोपों को झूठा बताते हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका सबसे पहले कोलंबियाई ड्रग कार्टेल के रास्तों को निशाना बना सकता है, जो वेनेजुएला के नियंत्रण वाले क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं. इसलिए पेंटागन के पास बढ़े पिज्जा ऑर्डर को वेनेजुएला के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
क्या वास्तव में कोई सैन्य कार्रवाई संभव है?
अमेरिका की सैन्य गतिविधियों को लेकर अनुमान लगाना हमेशा मुश्किल होता है, लेकिन विशेषज्ञ इस बात से इनकार नहीं कर रहे कि पेंटागन के आसपास अचानक बढ़ी हलचल किसी बड़ी रणनीतिक मीटिंग का संकेत हो सकती है.
हालांकि यह भी सच है कि "पिज्जा थ्योरी" कभी कोई आधिकारिक संकेतक नहीं रही, लेकिन इतिहास के कई उदाहरण बताते हैं कि असाधारण पिज्जा ऑर्डर कई बार असाधारण फैसलों के साथ मेल खाते रहे हैं.
यह भी पढ़ें- यूपी में बिजली बकाएदारों को बड़ी राहत, आज से शुरू हुई बिल माफी योजना, जानिए कैसे मिलेगा स्कीम का लाभ