देश में तकनीकी क्रांति को गति देने वाले सबसे बड़े डिजिटल टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 के 9वें संस्करण की शुरुआत हो चुकी है. इस प्रतिष्ठित आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया. उद्घाटन सत्र में पीएम मोदी ने ‘मेड इन इंडिया 4G स्टैक’ लॉन्च करने की ऐतिहासिक घोषणा करते हुए इसे भारत की एक बड़ी स्वदेशी उपलब्धि बताया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब उन पांच देशों की सूची में शामिल हो गया है जिनके पास अपना खुद का 4G टेक्नोलॉजी स्टैक विकसित करने की क्षमता है. उन्होंने इस उपलब्धि को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक अहम मील का पत्थर बताया.डिजिटल अब विलासिता नहीं, जीवन का हिस्सा है.अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, आज भारत में एक जीबी वायरलेस डेटा की कीमत एक कप चाय से भी कम है. मैं चाय का उदाहरण देने का आदी हूं. उन्होंने बताया कि डेटा उपभोग के मामले में भारत दुनिया के अग्रणी देशों में से एक है, जो यह दर्शाता है कि डिजिटल सेवाएं अब आम भारतीय जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी हैं.
निवेश और नवाचार का सर्वोत्तम समय: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, निवेशक-अनुकूल नीतियां और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का माहौल इसे दुनिया के लिए एक प्रमुख निवेश गंतव्य बनाता है. उन्होंने विदेशी और घरेलू निवेशकों से भारत में तकनीकी निर्माण, नवाचार और स्टार्टअप्स में निवेश करने का आह्वान किया.
#WATCH | Delhi | Prime Minister Narendra Modi says, "...Today, the cost of one GB of wireless data in India is less than the price of a cup of tea. I'm used to using the tea example. But in terms of user data consumption, we are among the leading countries in the world. This… pic.twitter.com/iRUKvo0Fqb
— ANI (@ANI) October 8, 2025
"मेक इन इंडिया" का मजाक उड़ाने वालों को मिला जवाब
पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब ‘मेक इन इंडिया’ पहल पर संदेह किया गया, लेकिन आज उसी भारत में हर जिले तक 5G नेटवर्क पहुंच चुका है. उन्होंने जोर देकर कहा कि जो देश कभी 2G की मुश्किलों में उलझा था, वह आज 6G और सैटकॉम की संभावनाओं को लेकर चर्चा कर रहा है.
IMC: सिर्फ टेलीकॉम नहीं, अब डिजिटल परिवर्तन का मंच
प्रधानमंत्री ने बताया कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस अब सिर्फ मोबाइल या टेलीकॉम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल टेक्नोलॉजी फोरम बन चुका है. उन्होंने इसका श्रेय युवाओं, स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को दिया, जो भारत की तकनीकी सफलता की असली ताकत हैं.
स्टार्टअप्स के लिए स्टेज तैयार: स्टार्टअप वर्ल्ड कप 2025
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि भारत इस वर्ष ‘स्टार्टअप वर्ल्ड कप 2025 – इंडिया एडिशन’ की मेजबानी कर रहा है. इस प्रतियोगिता में 550 स्टार्टअप्स, 300 वेंचर कैपिटलिस्ट और प्राइवेट इक्विटी फंड्स के सामने अपने इनोवेशन पेश करेंगे. इनमें से 15 स्टार्टअप्स को सैन फ्रांसिस्को में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत का प्रतिनिधित्व करने भेजा जाएगा.इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 में दुनिया भर से 80 से अधिक टेक कंपनियां भाग ले रही हैं. यह कार्यक्रम 8 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलेगा और इसकी थीम रखी गई है – "Innovate to Transform".
यह भी पढ़ें: 'देश के हर जिले में 5G है...', PM मोदी ने किया IMC 2025 का उद्घाटन, 6G और AI पर कही ये बात