PM Modi in Bettiah: बिहार चुनाव के पहले चरण के बाद से ही सभी दल दूसरे चरण की तैयारी में जुट चुके हैं. बीजेपी भी चुनाव जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती. इसी क्रम में आज बिहार में पीएम मोदी बैक-टू-बैक कई जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं. उन्होंने बेतिया में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चंपारण सत्याग्रह की ये धरती, संकल्प की धरती है.
आज जब हम विकसित बिहार का संकल्प लेकर चले हैं, तो फिर से चंपारण की भूमिका बहुत अहम है. बेतिया का ये जनसैलाब चंपारण का मूड बता रहा है.बिहार में इस विधानसभा चुनाव के चुनाव अभियान की ये एक प्रकार से मेरी समापन रैली है. मैंने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की पवित्र जन्मस्थली से आशीर्वाद लेकर, चुनाव अभियान शुरू किया था, और आज यहां पूज्य बापू के सत्याग्रह की भूमि चंपारण में इस चुनाव अभियान की ये मेरी आखिरी सभा है.
नहीं चाहिए कट्टा सरकार, फिर एक बार NDA सरकार
हालांकि इस जनसभा के दौरान पीएम मोदी ने नारा देते हुए जनता से कहा कि नहीं चाहिए कट्टा सरकार, फिर एक बार NDA सरकार. उन्होंने कहा कि यहां बिहार के नौजवानों ने, महिलाओं ने, गरीब भाई-बहनों ने, मध्यम वर्ग ने, किसानों ने कंधे से कंधा मिलाकर NDA के समर्थन में चुनाव प्रचार खुद संभाल लिया.मैं कह सकता हूं कि ये चुनाव NDA का कोई नेता नहीं, बल्कि बिहार की जनता ये चुनाव लड़ रही है. पीएम मोदी बोले कि अपने पूरे चुनावी अभियान के दौरान मैंने देखा है कि एक रैली दूसरी रैली का रिकॉर्ड तोड़ देती थी, एक के बाद एक रिकॉर्ड टूटते गए. पहले चरण के मतदान में भी सारे रिकॉर्ड आपने तोड़ दिए हैं, देश आजाद हुआ तब से अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
जनता के सामने रखा है रोडमैप
मैंने बिहार के सपनों और संकल्पों को लेकर इस चुनाव अभियान में व्यापक चर्चा की है.NDA की डबल इंजन सरकार ने क्या किया है और आगे क्या करने जा रही है, अपना काम और भविष्य का रोडमैप हमने बिहार की जनता के सामने रखा है. उन्होंने कहा कि आज बेतिया से मैं बिहार के हर माता-पिता, बिहार की हर बहन-बेटी, बिहार के हर नौजवान से कहूंगा कि वो दिन दूर नहीं, जब बिहार की पहचान food processing के पावरहाउस के रूप में होगी, जब बिहार की पहचान टूरिज्म से होगी, बिहार की पहचान टेक्सटाइल और टेक्नोलॉजी से होगी. बिहार ने सामाजिक न्याय की परिभाषा देश को दी है. अब बिहार समृद्ध भारत का, विकसित भारत का नया उदाहरण बनेगा. इसके लिए मैं आज बेतिया का, चंपारण का, आप सबका आशीर्वाद मेरे साथियों के लिए मांगने आया हूं.
विपक्ष पर किया वार
हालांकि इस जनसभा में पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बेतिया ने, चंपारण ने RJD और कांग्रेस के जंगलराज का सबसे डरावना रूप देखा है. जंगलराज वालों ने सत्याग्रह की इस पुण्य भूमि को लठैतों और डकैतों का गढ़ बना दिया था.आए दिन यहां हत्याकांड होते थे, बहन-बेटियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल था. उन्होंने कहा कि ये सारी बातें मैं आपको इसलिए याद दिला रहा हूं, क्योंकि जहां कानून का राज खत्म होता है, वहां सबसे पहले गरीब, वंचित और पीड़ित बेहाल होता है. जहां कट्टे और रंगदारी का राज चलता है, वहां नौजवानों के सपने दम तोड़ देते हैं.. जहां गुंडाराज होता है, वहां दुकानदारी चौपट हो जाती है, व्यापार और कारोबार ठप्प पड़ जाता है.
मैं खुद रंगदार बनना चाहता हूं
पीएम मोदी ने RJD पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं RJD की रैली का एक वीडियो देख रहा था, उसमें मीडिया वाले एक बच्चे से सवाल पूछते हैं कि बेटा तू लालटेन वालों की रैली में क्यों आया है. उन्होंने कहा कि वो छोटा सा बच्चा भी माथा ऊंचा करके कहता है कि RJD सरकार रंगदार बनाती है और मैं खुद रंगदार बनना चाहता हूं. आपने नीतीश जी के नेतृत्व में NDA का सुशासन देखा है, शांति देखी है, बिहार के लोगों ने सुकून पाया है, लेकिन, इसको जंगलराज से बचाए रखना, ये हम सबकी जिम्मेदारी है. बिहार को तो अभी विकास की नई-नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना है.
यह भी पढ़ें: 'कु:संस्कार से भरे हुए लोग कुशासन का राज चाहते हैं', बिहार में RJD पर पीएम मोदी ने किया वार