PM Modi in Bihar: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमा गया है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 24 अक्टूबर को समस्तीपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने लालू यादव के परिवार पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि “ये जमानत पर चल रहे लोग हैं.” उन्होंने दावा किया कि बिहार में एक बार फिर सुशासन और विकास की सरकार बनने जा रही है.
प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में मौजूद भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय आप जीएसटी बचत उत्सव का भी आनंद ले रहे हैं और कल से छठी मईया का महापर्व शुरू होने जा रहा है. ऐसे व्यस्त समय में भी आप इतनी बड़ी संख्या में यहां आए हैं. समस्तीपुर का जो यह जोश है, मिथिला का जो मूड है, उसने पक्का कर दिया है. नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में जुटी है और बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प रखती है.
हमारी सरकार गरीबों की सेवा के लिए समर्पित
पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग भ्रष्टाचार और परिवारवाद में डूबे हुए हैं, जबकि एनडीए सरकार गरीबों के सशक्तिकरण में विश्वास रखती है. उन्होंने कहा, कि हमारी सरकार गरीबों की सेवा कर रही है. गरीब को पक्का घर, मुफ्त अनाज, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं दी जा रही हैं. भाजपा कर्पूरी ठाकुर के दिखाए रास्ते पर चल रही है और हमने पिछड़े वर्गों के हितों को हमेशा प्राथमिकता दी है.
कर्पूरी ठाकुर ने हमें रास्ता दिखाया
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को याद करते हुए कहा, हम जैसे पिछड़े और गरीब परिवार से आने वाले लोग आज इस मंच पर खड़े हैं, इसमें कर्पूरी जी का ही योगदान है. मां भारती के इस अनमोल रत्न को भारत रत्न से सम्मानित करना हमारे लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने समाज के हर तबके को आगे बढ़ाने की दिशा में जो योगदान दिया, उसे एनडीए सरकार आगे बढ़ा रही है.
ओबीसी कमीशन और शिक्षा नीति पर बोले पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देने की मांग दशकों से लंबित थी, लेकिन यह काम भी एनडीए सरकार ने ही पूरा किया. कर्पूरी बाबू मातृभाषा में पढ़ाई के पक्षधर थे, और हमारी नई शिक्षा नीति में हमने स्थानीय भाषाओं में शिक्षा को प्राथमिकता दी है. उन्होंने आगे कहा कि एनडीए सरकार सुशासन को समृद्धि में बदलने की दिशा में लगातार काम कर रही है, और बिहार इस विकास यात्रा का अहम हिस्सा बनेगा.
बिहार चुनाव में एनडीए का फोकस “सुशासन और समावेश”
समस्तीपुर की इस रैली से पीएम मोदी ने साफ संदेश दिया कि आने वाले बिहार चुनाव में एनडीए की रणनीति विकास, पिछड़ों के सशक्तिकरण और भ्रष्टाचार मुक्त शासन पर केंद्रित होगी. वहीं, उनके “जमानत पर चल रहे लोग” वाले बयान ने चुनावी माहौल को और गर्मा दिया है, जिससे बिहार की राजनीति में एक नई हलचल मच गई है.
यह भी पढ़ें: 'आपको राष्ट्र सेवा में सक्रिय योगदान देने का अवसर मिला है...', रोजगार मेले पर बोले पीएम मोदी