PM Modi in Bihar: बिहार में चुनावी माहौल तेज़ होता जा रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को समस्तीपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की राजनीति को नई दिशा दे दी. अपने भाषण में उन्होंने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला और भरोसा जताया कि बिहार इस बार एनडीए को अब तक का सबसे बड़ा जनादेश देगा. प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए फिर से सत्ता में लौटेगा और प्रदेश में विकास और सुशासन की गति और तेज़ होगी.
पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत जोश भरे अंदाज़ में की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व का बिगुल बज चुका है और पूरा बिहार कह रहा है. फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार, जंगलराज वालों को दूर रखेगा बिहार. उनका यह बयान महागठबंधन के उन नेताओं पर सीधा पलटवार था, जो लगातार यह सवाल उठा रहे थे कि एनडीए में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा. मोदी ने साफ कर दिया कि बिहार में नेतृत्व नीतीश कुमार का ही रहेगा और जनता एक बार फिर उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखना चाहती है.
मिथिला का मूड बता रहा है, बिहार नई रफ्तार से चलेगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब पूरा बिहार छठ महापर्व की तैयारी में जुटा है और लोग जीएसटी बचत उत्सव मना रहे हैं, तब भी इतनी बड़ी संख्या में लोगों का रैली में पहुंचना बताता है कि जनता का मन एनडीए के साथ है. उन्होंने कहा कि समस्तीपुर का माहौल और मिथिला का मूड बता रहा है कि बिहार नई रफ्तार से चलेगा, जब फिर आएगी एनडीए सरकार.
कर्पूरी ठाकुर जी का आशीर्वाद, गरीबों की ताकत बन गया है
अपने भाषण में पीएम मोदी ने भावनात्मक लहजे में जननायक कर्पूरी ठाकुर को याद किया. उन्होंने कहा कि रैली से पहले वह कर्पूरी ग्राम गए थे और भारत रत्न से सम्मानित कर्पूरी जी को श्रद्धांजलि दी. मोदी ने कहा कि ये उनका ही आशीर्वाद है कि आज हम जैसे गरीब और पिछड़े परिवारों से आने वाले लोग इस मंच पर खड़े हैं. वो मां भारती के सच्चे सपूत थे, जिन्होंने वंचितों और पिछड़ों के लिए अपना जीवन समर्पित किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों पर चल रही है. उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार वंचितों को वरीयता, पिछड़ों को प्राथमिकता और गरीबों की सेवा को अपना संकल्प मानती है. यही सुशासन का रास्ता है.
“एनडीए का संकल्प, विकास, विश्वास और सुशासन”
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने पिछले वर्षों में गरीबों के उत्थान के लिए कई योजनाएं लागू की हैं. जैसे पक्का घर, मुफ्त राशन, स्वच्छ पेयजल और शौचालय. उन्होंने कहा कि यह सब “राजनीति नहीं, सेवा का संकल्प” है. हम बिहार को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हमारा लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि हर गरीब का जीवन बेहतर बनाना है.
यह भी पढ़ें: 'ये जमानत पर चल रहे लोग हैं', बिहार में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी