PM Modi in UK: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दो दिवसीय यात्रा पर यूनाइटेड किंगडम पहुंचे, जहां उनका स्वागत बेहद भव्य और गर्मजोशी भरा रहा. लंदन एयरपोर्ट पर ब्रिटिश सरकार और भारतीय उच्चायोग के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया. इस दौरे को भारत-ब्रिटेन संबंधों के लिए निर्णायक माना जा रहा है, खासतौर पर लंबे समय से लंबित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर.
ब्रिटेन के विदेश कार्यालय की मंत्री कैथरीन वेस्ट, ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी और दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने लंदन एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया. इस बीच प्रधानमंत्री के आगमन से पहले ही बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय एयरपोर्ट के बाहर जमा हो गए थे.
पीएम मोदी का संदेश
लंदन पहुंचने के कुछ ही समय बाद पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “मैं लंदन पहुंच गया हूं. यह यात्रा भारत-ब्रिटेन की आर्थिक साझेदारी को और गहरा करने का अवसर है. हमारा फोकस लोगों की समृद्धि, विकास और रोज़गार सृजन पर है.”
Touched by the warm welcome from the Indian community in the UK. Their affection and passion towards India’s progress is truly heartening. pic.twitter.com/YRdLcNTWSS
— Narendra Modi (@narendramodi) July 23, 2025
FTA पर सबकी नजर
इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण भारत और ब्रिटेन के बीच होने वाला मुक्त व्यापार समझौता (FTA) है. उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर की मौजूदगी में इस ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर होंगे. समझौते से भारत के चमड़ा, वस्त्र और जूता उद्योग को रियायती दरों पर ब्रिटेन में निर्यात की सुविधा मिलेगी, वहीं ब्रिटेन से व्हिस्की और लग्जरी कारों का आयात सस्ता होगा. विशेषज्ञों का मानना है कि समझौते से 99 प्रतिशत भारतीय निर्यात को टैरिफ लाभ मिलेगा, जिससे दोनों देशों के कारोबारी संबंधों को नई गति मिलेगी.
रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा और शाही मुलाकात
इस दौरे का एक और महत्वपूर्ण पहलू भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी (CSP) की प्रगति की समीक्षा है. पीएम मोदी इस दौरान किंग चार्ल्स III से भी मुलाकात करेंगे, जो भारत-ब्रिटेन के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को नई दिशा देने का प्रतीक माना जा रहा है.
प्रवासी भारतीयों का उत्साह देखते ही बना
प्रधानमंत्री के आगमन पर लंदन में बसे भारतीय समुदाय के लोगों ने बड़े जोश के साथ उनका स्वागत किया. कई लोग भारत के झंडे, पारंपरिक परिधान और फूलों के साथ प्रधानमंत्री की झलक पाने पहुंचे. पीएम मोदी ने भी लोगों से संवाद किया और बच्चों को आशीर्वाद दिया.
प्रवासी भारतीयों की प्रतिक्रियाएं
गहना गौतम ने कहा, “पीएम मोदी हमारे पास से गुज़रे और मैंने उनसे हाथ मिलाया. यह क्षण मेरे जीवन का सबसे अनमोल अनुभव था.”भव्या नामक एक युवती ने बताया, “प्रधानमंत्री ने मुझे आशीर्वाद दिया, यह बेहद खास पल था.” दाऊदी बोहरा समुदाय के सदस्यों ने भी पीएम से मिलने की इच्छा जताई और कहा, “हमारा समुदाय प्रधानमंत्री से वर्षों से जुड़ा हुआ है. उनकी उपस्थिति हमारे लिए सम्मान की बात है.” रामचंद्र शास्त्री, एक अन्य प्रवासी भारतीय ने कहा, “प्रधानमंत्री सिर्फ भारत नहीं, बल्कि विश्व कल्याण की बात करते हैं. वेद, उपनिषद और शास्त्रों की समझ रखने वाले ऐसे नेता से मिलना गर्व की बात है.”
यह भी पढ़ें: साइबर ठगों से सावधान! 2024 में भारत में हुई ₹22,845 करोड़ की ठगी, खुद को कैसे रखें सुरक्षित?