PM Modi In Singur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को असम दौरे के बाद पश्चिम बंगाल पहुंचे और सीधे हुगली जिले के सिंगूर में एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल हुए. इसके बाद उन्होंने सिंगूर में आयोजित रैली को भी संबोधित किया. रैली में पीएम मोदी ने कहा कि बीते 24 घंटे पश्चिम बंगाल और देश के लिए ऐतिहासिक रहे हैं और इस दौरान लिए गए कई फैसले भविष्य की दिशा तय करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में यह दावा किया कि पिछले कुछ समय में जितना विकास कार्य हुआ है, वह शायद पिछले सौ साल में भी नहीं हुआ होगा. उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूर्वी भारत का विकास सबसे अहम है और केंद्र सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है. मोदी ने जोर देकर कहा कि मालदा से हुगली तक उनके दौरे का मुख्य संदेश यही है कि पूर्वी भारत को विकास का इंजन बनाया जाए.