वैश्विक उथल-पुथल के बीच पीएम मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति से की बात, जानें ये टाइमिंग क्यों है महत्वपूर्ण

PM Modi President Lula Talk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा के साथ फोन पर बातचीत की. इस चर्चा का मुख्य फोकस भारत और ब्राजील के बीच चल रही रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करना और इसे और मजबूत बनाना था.

PM Modi spoke to Brazilian President Lula amid global turmoil Why is timing important
Image Source: ANI/ File

PM Modi President Lula Talk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा के साथ फोन पर बातचीत की. इस चर्चा का मुख्य फोकस भारत और ब्राजील के बीच चल रही रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करना और इसे और मजबूत बनाना था. दोनों नेताओं ने इस दौरान ग्लोबल साउथ, यानी विकासशील देशों, के साझा हितों को आगे बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक चुनौतियों का सामना करने पर भी विचार-विमर्श किया.

यह प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच पिछले छह महीनों में तीसरी सीधी बातचीत थी, जो उनकी बढ़ती कूटनीतिक सक्रियता और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों को दर्शाती है. प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत और ब्राजील के संबंध एक मजबूत दौर में हैं और आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार हैं. उन्होंने यह भी कहा कि ग्लोबल साउथ के साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों का करीबी सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है और वे जल्द ही राष्ट्रपति लूला का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं.

फरवरी में भारत दौरे पर आएंगे लूला 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला फरवरी 2026 में भारत का दौरा करेंगे. दोनों देशों ने इस यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है. राष्ट्रपति लूला ने पिछले साल अगस्त में ही इसकी पुष्टि कर दी थी कि वे 2026 की शुरुआत में भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे. कूटनीतिक जानकारों का मानना है कि इस दौरे के दौरान भारत और ब्राजील मिलकर अमेरिका के टैरिफ वॉर का जवाब देने या किसी बड़े आर्थिक समझौते की रूपरेखा तैयार कर सकते हैं.

टैरिफ नीति के खिलाफ साझा रणनीति

विशेष रूप से इस फोन कॉल की टाइमिंग को कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बातचीत ऐसे समय में हुई है जब भारत और ब्राजील दोनों ही अमेरिकी प्रशासन द्वारा लगाए गए टैरिफ और व्यापारिक दबावों का सामना कर रहे हैं. राष्ट्रपति लूला ने पहले ही संकेत दिया था कि वे ट्रंप प्रशासन की टैरिफ नीतियों से निपटने के लिए ब्रिक्स देशों के बीच चर्चा शुरू करेंगे. उन्होंने रॉयटर्स को यह भी बताया था कि अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ के खिलाफ विकासशील देशों का एकजुट होना जरूरी है.

प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई यह हालिया बातचीत इसी दिशा में एक कदम के रूप में देखी जा रही है, जिसमें दोनों नेता ग्लोबल साउथ की आवाज बनकर उभरती आर्थिक चुनौतियों का सामना करने की रणनीति तैयार कर रहे हैं.

पिछली बातचीतों का क्रम

  • 7 अगस्त 2025 (फोन पर बातचीत): इस दौरान दोनों नेताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए टैरिफ के मुद्दे पर चर्चा की. इसी बातचीत में राष्ट्रपति लूला ने 2026 की शुरुआत में भारत आने की भी पुष्टि की. उस समय ब्राजील पर भारत की तरह ही भारी टैरिफ लगाया गया था.
  • 22 नवंबर 2025 (व्यक्तिगत मुलाकात): दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित G20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला की द्विपक्षीय मुलाकात हुई. इस दौरान उन्होंने व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर बातचीत की.
  • 22 जनवरी 2026 (फोन पर बातचीत): गुरुवार को हुई हालिया बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की और फरवरी 2026 में होने वाले राष्ट्रपति लूला के भारत दौरे के लिए स्वागत की उत्सुकता व्यक्त की.

ये भी पढ़ें- WhatsApp यूजर्स के लिए गुड न्यूज़! आने वाले हैं कई धांसू फीचर्स, बदल जाएगा चैटिंग का एक्सपीरियंस