'लालटेन के युग वाले बिजली नहीं दे पाएंगे...' बिहार में पीएम मोदी ने RJD पर कसा तंज, जंगलराज का किया जिक्र

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर करारा प्रहार किया.

PM Modi takes a jibe at RJD in Bihar mentioned jungle raj
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

मुजफ्फरपुर (बिहार): बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर करारा प्रहार किया. उन्होंने बिना नाम लिए लालू प्रसाद यादव और उनके शासनकाल को “लालटेन युग” और “जंगलराज” बताते हुए कहा कि, “जिन्होंने बिहार को अंधेरे में रखा, वे राज्य को रोशनी नहीं दे सकते.”

मोदी ने कहा कि बिहार को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए उद्योग, निवेश और स्थायी कानून व्यवस्था की आवश्यकता है, और इसके लिए सिर्फ एनडीए (NDA) की सरकार ही सक्षम है.

लालटेन युग के लोग बिहार को रोशनी नहीं दे सकते

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा, "बिहार को आगे बढ़ाने के लिए उद्यम चाहिए, उद्योग चाहिए और उद्योग के लिए जमीन, बिजली, कनेक्टिविटी और कानून का राज चाहिए. लेकिन सोचिए, जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का रहा है, वे किसी उद्योग को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, क्या वे बिजली दे पाएंगे?"

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार का लक्ष्य है बिहार को ऊर्जा, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना. उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने रेल को लूटा, वो कनेक्टिविटी बढ़ाने की बात करते हैं. जिन्होंने भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनाए, वो कानून का राज कैसे लाएंगे?"

बिहार के गौरव और संस्कृति की बात

प्रधानमंत्री ने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार ने भारत की समृद्धि में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है. पीएम मोदी ने कहा, "जब भारत ज्ञान और विज्ञान में विश्व का मार्गदर्शक था, उस समय बिहार उसका केंद्र था. आज जब हम विकसित भारत की बात कर रहे हैं, तो बिहार का विकसित होना भी उतना ही जरूरी है. बिहार की संस्कृति, भाषा और परिश्रमी जनता इस देश की असली ताकत हैं."

उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए की सरकार का लक्ष्य “बिहार के गौरव को पुनर्जीवित करना” है, ताकि राज्य एक बार फिर शिक्षा और उद्योग का केंद्र बन सके.

जंगलराज और 2001 के अपहरणकांड का जिक्र

मोदी ने अपने संबोधन में 2001 के गोलू अपहरणकांड का उदाहरण देते हुए आरजेडी शासनकाल पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, "मुजफ्फरपुर के लोग उस दर्दनाक घटना को नहीं भूले हैं, जब एक मासूम बच्चे को स्कूल जाते वक्त अपराधियों ने दिनदहाड़े अगवा कर लिया था. फिरौती नहीं मिलने पर उस बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. यह उस दौर की सच्चाई थी, जब बिहार में कानून नहीं, अपराधियों का राज चलता था."

प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय 40 हजार रुपये के लिए भी अपहरण हो जाता था. पीएम ने कहा, "जहां कट्टा और क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है. जहां कटुता फैलाने वाली ताकतें हों, वहां समाज में शांति नहीं रहती. आरजेडी और कांग्रेस के शासन में यही स्थिति थी- डर, अराजकता और अपराध."

कांग्रेस-आरजेडी ने बिहार को पीछे धकेला

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी की जोड़ी ने बिहार के विकास को दशकों पीछे धकेल दिया. उन्होंने कहा, "जहां करप्शन होता है, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता. गरीब का हक लूटा जाता है और सिर्फ कुछ परिवार फलते-फूलते हैं. ऐसे लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते."

उन्होंने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस का इतिहास परिवारवाद, घोटालों और कुशासन से भरा है. इसके विपरीत, भाजपा और एनडीए ने कानून व्यवस्था में सुधार किया, बिजली-पानी की स्थिति बेहतर की और बिहार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा.

ये भी पढ़ें- वोट के लिए RJD-कांग्रेस कर रही छठी मईया का अपमान, बिहार में विपक्ष पर गरजे पीएम मोदी