PM Modi In Varanasi Vande Bharat Express: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे, जहां वे चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, यह पहल भारत के रेलवे नेटवर्क को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इन नई ट्रेनों के साथ यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा, और यह धार्मिक, सांस्कृतिक तथा व्यावसायिक शहरों के बीच कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगी.
लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
लखनऊ और सहारनपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन यात्रा को तेज़ बनाएगी. यह ट्रेन करीब 7 घंटे 45 मिनट में अपनी यात्रा पूरी करेगी, जिससे यात्रियों का समय लगभग एक घंटे तक बच सकेगा. इस ट्रेन का रूट लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा. इसके माध्यम से हरिद्वार तक पहुंचना भी अब और आसान हो जाएगा.
बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस
यह नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज और चित्रकूट जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ने के लिए शुरू की जा रही है. इस ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों का समय लगभग 2 घंटे 40 मिनट बच सकता है, क्योंकि यह मौजूदा ट्रेनों से तेज़ यात्रा करेगी. इस ट्रेन से मध्य भारत और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा और भी आसान हो जाएगी, जिससे धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.
एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस
दक्षिण भारत में एर्नाकुलम और बेंगलुरु के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन यात्रा के समय को लगभग दो घंटे तक कम कर देगी. यह ट्रेन 8 घंटे 40 मिनट में दोनों शहरों के बीच यात्रा करेगी. इसके शुरू होने से आईटी और कमर्शियल सेंटर्स को जोड़ने वाली कनेक्टिविटी को तेज़ और सुविधाजनक मिलेगा. नौकरीपेशा लोग, छात्र और पर्यटक इस ट्रेन की मदद से अब एक नई, तेज़ और आरामदायक यात्रा का अनुभव करेंगे.
फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
फिरोजपुर और दिल्ली के बीच शुरू होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, दिल्ली, बठिंडा, पटियाला और फिरोजपुर के बीच तेज़ और सीधी कनेक्टिविटी स्थापित करेगी. यह ट्रेन अपने रूट पर सबसे तेज़ एक्सप्रेस ट्रेन होगी, जिससे पंजाब और दिल्ली के बीच व्यापार, रोजगार और पर्यटन के अवसरों को नया जीवन मिलेगा. यात्रियों को समय की बचत और अधिक आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा.
ये भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा ऐलान, इन वाहनों के रजिस्ट्रेशन और रोड टैक्स में 100% छूट, 1 लाख तक की होगी बचत