नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को बिहार के दौरे पर आ रहे हैं. उनका यह दौरा राज्य के विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. पीएम मोदी सुबह लगभग 11 बजे गया पहुंचेंगे, जहां वे मगध विश्वविद्यालय, बोधगया में एक भव्य कार्यक्रम में भाग लेंगे. इस दौरान वे करीब 13,000 करोड़ रुपये की लागत वाली अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.
रेलवे और सड़क क्षेत्र को मिलेगी मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी गया-नई दिल्ली के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी और गया से दिल्ली के बीच यात्रियों को तेज व आरामदायक सेवा देगी. इसके साथ ही वैशाली से कोडरमा तक चलने वाली बुद्धिस्ट सर्किट ट्रेन की भी शुरुआत होगी, जो बिहार और झारखंड के पर्यटन स्थलों को जोड़ने में सहायक होगी.
गंगा पर 6-लेन पुल से बेगूसराय को राहत
बेगूसराय में पीएम मोदी गंगा नदी पर बने औंटा-सिमरिया 6-लेन पुल का उद्घाटन करेंगे. इस पुल को 1,870 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. यह पुल NH-31 पर बना है और इसका कुल लंबाई 8.15 किमी है, जिसमें से 1.86 किमी हिस्सा पुल का है. यह पुल पुराने राजेंद्र सेतु के समानांतर बना है और मोकामा व बेगूसराय के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा.
यात्रा और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
इस नए पुल से न केवल भारी वाहनों का आवागमन आसान होगा, बल्कि यात्रा का समय भी घटेगा. उत्तरी बिहार के जिलों जैसे सुपौल, मधुबनी, पूर्णिया और अररिया को दक्षिण बिहार और पटना से जोड़ने में यह पुल बड़ा बदलाव लाएगा. इससे क्षेत्रीय व्यापार को मजबूती मिलेगी और औद्योगिक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी.
ऊर्जा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सौगातें
प्रधानमंत्री मोदी बक्सर में बने थर्मल पावर प्लांट का भी उद्घाटन करेंगे, जो 660x1 मेगावाट क्षमता का है और इसे बनाने में 6,880 करोड़ रुपये की लागत आई है. इसके अलावा, मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन भी पीएम मोदी द्वारा किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी.
शहरों और गांवों के लिए जल परियोजनाएं
नमामि गंगे मिशन के तहत मुंगेर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, जबकि औरंगाबाद, जहानाबाद, बोधगया समेत कई शहरों में सीवरेज और जल आपूर्ति परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा. ये योजनाएं AMRUT 2.0 के अंतर्गत शुरू की जाएंगी.
हजारों को मिलेगा अपना घर
पीएम मोदी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण और शहरी) के तहत 12,000 ग्रामीण और 4,260 शहरी लाभार्थियों को नए घरों की सौगात देंगे. वे गृह प्रवेश कार्यक्रम के माध्यम से इन परिवारों को उनके अपने आशियाने की चाबी सौंपेंगे.
ये भी पढ़ें: शेल्टर होम में रहेंगे दिल्ली के आवारा कुत्ते या मिल जाएगी राहत? सुप्रीम कोर्ट कल सुनाएगा फैसला