लखनऊ में ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ बनकर तैयार, अटल जयंती पर PM मोदी करेंगे उद्घाटन, जानिए खास बातें

25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ का दौरा करेंगे. इस दौरान वह हरदोई रोड स्थित नवनिर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन करेंगे, जो अब क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण बन चुका है.

PM Modi will inaugurate lucknow Rashtra Prerna Sthal on Atal Bihari Vajpayee birth anniversary
Image Source: Social Media

लखनऊ: 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ का दौरा करेंगे. इस दौरान वह हरदोई रोड स्थित नवनिर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन करेंगे, जो अब क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण बन चुका है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस स्थल का हाल ही में दौरा किया और उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लिया.

राष्ट्र प्रेरणा स्थल: एक भव्य स्मारक

‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को सम्मानित करने के रूप में किया जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के तहत इन तीन महान नेताओं के जीवन पर आधारित एक संग्रहालय भी खोला जाएगा. इस संग्रहालय में तीनों नेताओं की मूर्तियों की प्रोजेक्शन मेपिंग होगी, जहां रात के समय उन्हें विभिन्न वेशभूषाओं में देखा जा सकेगा.

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम

25 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले म्यूजियम ब्लॉक का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद वह तीनों मूर्तियों पर पुष्प अर्पित करेंगे और फिर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. सभा में करीब एक लाख लोगों के उपस्थित होने की संभावना जताई जा रही है. प्रधानमंत्री के साथ मंच पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश सरकार के अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद होंगे.

65 एकड़ में फैला 'राष्ट्र प्रेरणा स्थल'

राष्ट्र प्रेरणा स्थल का परिसर करीब 65 एकड़ में फैला हुआ है. यहां अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. परिसर में म्यूजियम, कैफेटेरिया, मेडिटेशन सेंटर, एम्फीथियेटर और पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. इसके साथ ही यहां एक खूबसूरत पाथवे और हरियाली से सजा वातावरण भी लोगों को आकर्षित करता है.

सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन ने विशेष ध्यान दिया है. पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी और तीन हेलीपैड तैयार किए गए हैं. ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए जर्मन हैंगर भी लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा, कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का निरीक्षण किया है ताकि किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो.

कूड़ा डंपिंग ग्राउंड से भव्य स्मारक तक का सफर

‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का निर्माण पहले एक बड़े कूड़ा डंपिंग ग्राउंड पर हुआ था, जहां लाखों टन कचरा जमा था. कूड़ा निस्तारण के बाद इसे भव्य स्मारक स्थल के रूप में विकसित किया गया है. अब इस क्षेत्र में हरियाली और आधुनिक सुविधाओं का समावेश है, जो इस स्थान को एक प्रमुख पर्यटन स्थल बना देता है.

विशाल पार्किंग व्यवस्था

प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर पार्किंग की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है. यहां 2000 कारों और 2600 बसों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है. साथ ही, 10,000 से ज्यादा दो पहिया वाहनों के पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है. यह कदम निश्चित रूप से कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए बड़ी सुविधा प्रदान करेगा.

ये भी पढ़ें: सड़कों पर रिफ्लेक्टर बनाएं, क्रेन और एंबुलेंस तैनात करें... कोहरे को लेकर सीएम योगी के सख्त निर्देश