Georgia Meloni Biography: भारत और इटली के रिश्तों को एक नई ऊंचाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की आत्मकथा “I Am Giorgia- My Roots, My Principles” के भारतीय संस्करण की प्रस्तावना लिखी है. यह पहल न सिर्फ दोनों नेताओं के बीच गहराते संबंधों को दर्शाती है, बल्कि वैश्विक नेतृत्व में उभरते विचारों और मूल्यों की साझेदारी का भी संकेत देती है.
प्रधानमंत्री मोदी ने इस प्रस्तावना को लिखना “अपने लिए सम्मान की बात” बताया और जॉर्जिया मेलोनी को “एक सशक्त राष्ट्रभक्त और प्रेरणादायक समकालीन नेता” करार दिया. उन्होंने कहा कि मेलोनी की जीवन यात्रा हमें यह याद दिलाती है कि सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करते हुए वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास से खड़ा होना कितना महत्वपूर्ण है, और यही भावना भारत के मूल्यों से मेल खाती है.
‘मन की बात’ से प्रेरित टोन
दिलचस्प रूप से, मेलोनी की आत्मकथा के भारतीय संस्करण की पृष्ठभूमि प्रधानमंत्री मोदी के प्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' से प्रेरित बताई गई है. मेलोनी का कहना है कि उन्होंने अपनी निजी और राजनीतिक सोच को उसी तरह से साझा किया है, जैसे मोदी देशवासियों से मन की बात करते हैं.
भारत में जल्द होगी किताब लॉन्च
इस पुस्तक का भारतीय संस्करण रूपा पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित किया जा रहा है और यह जल्द ही बाजार में उपलब्ध होगी. भारत में इसकी खूब चर्चा हो रही है, खासकर इसलिए क्योंकि यह आत्मकथा केवल राजनीतिक जीवन की कहानी नहीं, बल्कि उस विचारधारा और दृष्टिकोण को भी दर्शाती है, जिसे मेलोनी और मोदी जैसे नेता साझा करते हैं.
मेलोनी की प्रेरणादायक यात्रा
इस आत्मकथा का मूल संस्करण साल 2021 में तब आया था, जब मेलोनी विपक्ष की नेता थीं. इसके कुछ समय बाद ही उन्होंने इटली के आम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं. मोदी ने प्रस्तावना में इस यात्रा को “ऐतिहासिक और प्रेरणादायक” बताया और उम्मीद जताई कि यह किताब भारतीय पाठकों को भी गहराई से प्रभावित करेगी.
राजनीति से परे एक वैचारिक साझेदारी
यह कदम सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि भारत और इटली के बीच बढ़ती वैचारिक साझेदारी का प्रमाण है. जॉर्जिया मेलोनी की आत्मकथा के जरिए भारतीय पाठकों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि आज के वैश्विक नेता अपनी परंपराओं को कैसे संजोते हुए आधुनिक नेतृत्व की मिसाल बन रहे हैं, और प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावना इस संवाद को और भी प्रभावशाली बना देती है.
यह भी पढ़ें- बॉयफ्रेंड से फोन पर बात कर रही थी बेटी, देखते ही बौखला गए पिता और भाई, गोली मारकर कर दी हत्या