Putin Poland Airspace: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच अब एक नई कूटनीतिक टकराव की स्थिति सामने आई है. इस बार मामला है रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हंगरी यात्रा का, जहां वे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करने वाले हैं, लेकिन रास्ता आसान नहीं.
पोलैंड के विदेश मंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की ने साफ चेतावनी दी है कि अगर पुतिन ने पोलैंड के हवाई क्षेत्र से उड़ान भरने की कोशिश की, तो उनके विमान को मजबूरन उतरवाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि अगर पोलिश अदालत सरकार को ऐसा करने का आदेश देती है, तो उसे पालन करना होगा. ये बयान इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) द्वारा पुतिन पर जारी गिरफ्तारी वारंट के आलोक में दिया गया है.
बच्चों की अवैध जबरन निकासी का आरोप
ICC ने पुतिन पर यह आरोप लगाया है कि उन्होंने यूक्रेन से सैकड़ों बच्चों को जबरन रूस भेजा, जो युद्ध अपराध की श्रेणी में आता है. हालांकि रूस ICC के अधिकार क्षेत्र को मान्यता नहीं देता और इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर चुका है.
हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बान रूस के करीबी माने जाते हैं और उन्होंने संकेत दिए हैं कि वे पुतिन को शांति वार्ता के लिए आमंत्रित कर सकते हैं. ट्रंप ने भी हाल ही में कहा था कि वे युद्ध समाप्ति के प्रयासों के तहत पुतिन से बुडापेस्ट में मिल सकते हैं.
यूरोप का हवाई क्षेत्र और कानून की बंदिशें
अगर पुतिन को हंगरी जाना है, तो उन्हें किसी न किसी यूरोपीय संघ देश के हवाई क्षेत्र से गुजरना होगा. पोलैंड जैसे देशों ने साफ कर दिया है कि ICC वारंट को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता. इसलिए पुतिन को वैकल्पिक मार्ग तलाशना पड़ सकता है.
वहीं बुल्गारिया ने इस मसले पर नरम रुख अपनाते हुए कहा है कि अगर शांति वार्ता के लिए जरूरी हुआ, तो वह पुतिन को अपने हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति दे सकता है. हालांकि, अभी तक रूस ने कोई आधिकारिक उड़ान अनुरोध नहीं भेजा है.
ट्रंप-पुतिन मुलाकात पर सस्पेंस बरकरार
हालांकि मुलाकात की तारीख, समय और स्थान अब तक तय नहीं हैं. रूस की ओर से भी फिलहाल इस तरह की बातचीत की पुष्टि नहीं की गई है. लेकिन अगर यह बैठक होती है, तो वह सिर्फ रूस-यूक्रेन युद्ध ही नहीं, बल्कि वैश्विक कूटनीति और कानून की दिशा को भी प्रभावित कर सकती है.
यह भी पढ़ें- हिमाचल के इस मेले में जमकर चलते हैं पत्थर, घायल होने पर खुश होते हैं लोग, जानें 400 साल पुरानी परंपरा की कहानी