पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक मेडिकल छात्रा के साथ गैंगरेप की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य अभी भी फरार हैं. यह घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुई, जब छात्रा अपने दोस्त के साथ डिनर के लिए निकली थी. घटना दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज के सामने हुई, जो कोलकाता से लगभग 170 किलोमीटर दूर है.
पीड़ित छात्रा ओडिशा की रहने वाली है और वह यहां MBBS के दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही है. वर्तमान में उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है. पुलिस के अनुसार, छात्रा अपने दोस्त के साथ कैंपस से बाहर डिनर के लिए जा रही थी. तभी कॉलेज गेट के पास तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया. उन्होंने छात्रा का मोबाइल छीन लिया और उसे जबरन पास के जंगल में खींच ले गए. इस दौरान छात्रा का दोस्त मौके से भाग गया और बाद में पुलिस को सूचना दी.