The Raja Saab: पहले दिन ही 100 करोड़ी बनी प्रभास की फिल्म, दुनियाभर में बजा 'द राजा साब' का डंका

पैन-इंडिया स्टार प्रभास की फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच हमेशा जबरदस्त उत्साह रहता है.

Prabhas film The Raja Saab made Rs 100 crore on the first day itself
Image Source: Social Media

The Raja Saab: पैन-इंडिया स्टार प्रभास की फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच हमेशा जबरदस्त उत्साह रहता है. लंबे इंतजार के बाद उनकी नई फिल्म ‘द राजा साब’ आखिरकार 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई. रिलीज के साथ ही इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है. भले ही समीक्षकों से फिल्म को खास सराहना नहीं मिली हो, लेकिन कमाई के मामले में फिल्म ने पहले ही दिन बड़ा कारनामा कर दिखाया है.

फिल्म ने एडवांस बुकिंग और रिलीज से पहले हुए पेड प्रिव्यू के दम पर देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी शानदार ओपनिंग दर्ज की है. पहले ही दिन ‘द राजा साब’ ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है.

पहले दिन ही 100 करोड़ क्लब में शामिल

ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘द राजा साब’ ने भारत में करीब 54 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसके अलावा, ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने लगभग 26 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं, गुरुवार को हुए पेड प्रिव्यू से 9 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई पहले ही जुड़ चुकी थी.

इन सभी आंकड़ों को मिलाकर फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन पहले दिन ही 100 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. हॉरर-कॉमेडी जैसी जॉनर की फिल्म के लिए यह आंकड़ा बेहद मजबूत माना जा रहा है.

रिव्यू कमजोर, लेकिन कमाई मजबूत

‘द राजा साब’ को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है. कई लोगों का मानना है कि प्रभास इस हॉरर-कॉमेडी अवतार में पूरी तरह फिट नहीं बैठ पाए हैं. फिल्म में संजय दत्त जैसे बड़े कलाकार की मौजूदगी के बावजूद, दर्शकों को जिस स्तर की कहानी और मनोरंजन की उम्मीद थी, वह पूरी तरह पूरी नहीं हो सकी.

इसके बावजूद, प्रभास की जबरदस्त फैन फॉलोइंग और फिल्म के बड़े पैमाने पर प्रमोशन का असर बॉक्स ऑफिस पर साफ दिख रहा है. शुरुआती दिनों में फिल्म की कमाई लगातार बढ़ रही है.

प्रभास अपना ही रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए

प्रभास इससे पहले फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में नजर आए थे, जिसने उन्हें एक बार फिर बॉक्स ऑफिस का बड़ा स्टार साबित कर दिया था. ‘कल्कि 2898 एडी’ ने रिलीज के पहले दिन ही वर्ल्डवाइड 191 करोड़ रुपये की रिकॉर्डतोड़ कमाई की थी.

हालांकि, ‘द राजा साब’ पहले दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने में सफल रही है, लेकिन यह प्रभास की पिछली फिल्म के रिकॉर्ड को तोड़ नहीं पाई. कमजोर रिव्यू को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई की रफ्तार पर असर पड़ सकता है.

फिल्म की स्टारकास्ट और निर्देशन

‘द राजा साब’ का निर्देशन मारुति ने किया है. फिल्म में प्रभास के साथ कई जाने-माने कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं, जिनमें

  • संजय दत्त
  • बोमन ईरानी
  • मालविका मोहनन
  • निधि अग्रवाल
  • रिद्धि कुमार
  • जरीना वहाब

शामिल हैं. फिल्म हॉरर और कॉमेडी के मिश्रण के साथ बनाई गई है, जिसे पैन-इंडिया दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.

ये भी पढ़ें- 'ग्रीनलैंड पर कब्जा कर लेंगे रूस और चीन...' ट्रंप ने किया बड़ा दावा, बताया कंट्रोल करने का प्लान