CM Yogi On Infiltrators: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में रह रहे अवैध घुसपैठियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने के निर्देश जारी किए हैं. मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों (डीएम) को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि ऐसे लोगों की पहचान जल्द से जल्द की जाए और किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए. सरकार ने इस बाबत स्पष्ट किया है कि जिन लोगों पर अवैध रूप से प्रदेश में निवास करने का संदेह है, उनकी पहचान प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए.
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जांच में किसी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाए और पहचान होते ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी जाए. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अवैध निवासियों के कारण प्रदेश की व्यवस्था और संसाधनों पर कोई अतिरिक्त बोझ न पड़े.
मुख्यमंत्री कार्यालय ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी जिलों में अस्थाई डिटेंशन सेंटर स्थापित किए जाएं, जहां पहचान प्रक्रिया पूरी होने तक इन व्यक्तियों को रखा जाएगा. इस व्यवस्था के माध्यम से प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी प्रकार का कानून-व्यवस्था संबंधी खतरनाक स्थिति उत्पन्न न हो.
देश वापसी का स्पष्ट संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी अवैध घुसपैठियों को उनके मूल देश वापस भेजा जाएगा. इसके साथ ही यह भी साफ किया गया कि अवैध रूप से राज्य में रह रहे किसी भी विदेशी नागरिक को किसी तरह की राहत या कानूनी ढील नहीं दी जाएगी. सरकार ने जोर दिया है कि नियम कानून की अवहेलना करने वालों के लिए कोई अपवाद नहीं होंगे.
प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का प्रयास
यह कदम उत्तर प्रदेश सरकार की उस दिशा की मिसाल है, जिसमें राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और अवैध गतिविधियों पर कड़ा नियंत्रण रखा जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि अब तक की प्रक्रियाओं में समय लगने के कारण कई अवैध निवासियों का पता नहीं चल पाया था. नए निर्देशों के तहत यह प्रक्रिया और अधिक संगठित और त्वरित होगी.
यह भी पढ़ें- राजस्थान के पर्यटन को लगेंगे पंख, जयपुर में विकसित होगी एरो सिटी, बनेंगे 5 और 7 स्टार वाले 19 होटल्स