Bihar Assembly 2025: बिहार विधानसभा के नए स्पीकर के चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने स्पीकर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया. विपक्ष की ओर से कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा गया है, ऐसे में 18वीं विधानसभा के स्पीकर के रूप में उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है.
महागठबंधन ने यह तय किया है कि वह इस पद के लिए मुकाबले में नहीं उतरेगा. विपक्ष के पास इस समय केवल 35 सीटें हैं, ऐसे में एनडीए उम्मीदवार के मुकाबले खड़ा होना महज औपचारिकता माना जा रहा था.
विपक्ष का उम्मीदवार न उतारने का फैसला
स्पीकर पद के लिए नामांकन की अंतिम समय सीमा सोमवार को शाम 3 बजे तक तय थी. मंगलवार तक उम्मीदवारों को अपना नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा. इसके बाद विधान सभा के अंदर स्पीकर का औपचारिक चुनाव होगा, जिसकी अध्यक्षता प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव करेंगे.
एनडीए गठबंधन के भीतर स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के पदों को लेकर पहले से ही सहमति बन चुकी है. समझौते के मुताबिक स्पीकर पद भाजपा को, जबकि उप-सभापति का पद जेडीयू के हिस्से में जाएगा.
कौन हैं डॉ. प्रेम कुमार?
डॉ. प्रेम कुमार बिहार की राजनीति में एक अनुभवी और मजबूत पहचान रखने वाले नेता माने जाते हैं. वे गया टाउन विधानसभा सीट से कई बार जीत हासिल कर चुके हैं. नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पिछली कई सरकारों में वे कृषि मंत्री और अन्य महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं.
संगठन और सरकार दोनों में उनकी छवि एक शांत, अनुभवी और प्रशासनिक समझ रखने वाले नेता की रही है. स्पीकर पद के लिए उनका नाम बीजेपी के भीतर लंबे समय से चर्चाओं में था और अंततः गठबंधन की सहमति के बाद उनका नामांकन औपचारिक रूप से तय किया गया.
18वीं विधानसभा का विशेष सत्र शुरू
सोमवार को बिहार विधानसभा का विशेष सत्र शुरू हुआ. शुरुआती कार्यवाही के तहत प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाना शुरू किया.
विधानसभा की प्रभारी सचिव ख्याति सिंह ने बताया कि कुछ विधायक पहले दिन उपस्थित नहीं हो सके. अनुपस्थित सदस्यों को स्पीकर के चुनाव के बाद मंगलवार को शपथ दिलाई जाएगी. इसके बाद सोमवार की कार्यवाही स्थगित कर दी गई.
पांच दिवसीय सत्र की पूरी रूपरेखा
यह विशेष सत्र पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें कई अहम विधायी कार्य पूरे किए जाएंगे:
1. राज्यपाल का संबोधन
बुधवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे. इसमें नई सरकार की नीतियां और आगामी एजेंडा प्रस्तुत किया जाएगा.
2. अनुपूरक बजट पेश होगा
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सरकार दूसरा अनूपूरक बजट पेश करेगी.
3. धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा
गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी, जिसका जवाब सरकार देगी.
4. बजट और विनियोग विधेयक पर अंतिम कार्यवाही
सत्र का समापन शुक्रवार को दूसरे अनुपूरक बजट पर बहस और विनियोग विधेयक पारित होने के बाद होगा.
नए चुनाव के बाद पहली बड़ी कार्यवाही
यह सत्र बिहार विधानसभा चुनावों के परिणाम आने के तुरंत बाद आयोजित हो रहा है. ताजा चुनावों में एनडीए गठबंधन ने 243 में से 202 सीटें हासिल कर स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाई है. ऐसे में स्पीकर का निर्विरोध निर्वाचन न केवल बीजेपी की स्थिति को मजबूत करेगा बल्कि विधानसभा के सुचारु संचालन के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
यह भी पढे़ं- 'सदन में ड्रामा नहीं, डिलीवरी चाहिए...' संसद के शीतकालीन सत्र से पहले पीएम मोदी ने विपक्ष को घेरा