Priyanka Chahar Choudhary Nagin 7: टीवी की दुनिया में एक नई नागिन ने दस्तक दे दी है, और इस बार यह चेहरा किसी परिचय का मोहताज नहीं. लोकप्रिय एक्ट्रेस प्रियंका चाहर चौधरी अब नागिन सीरीज़ के सातवें सीज़न की लीड के रूप में नजर आने वाली हैं. सीरियल ‘नागिन 7’ से उनका लुक हाल ही में सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. नागिन के किरदार में प्रियंका की अदाएं, उनका आत्मविश्वास और रहस्यमयी लुक देखकर फैंस दीवाने हो गए हैं.
लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का सफर उनके लिए आसान नहीं था. एक समय ऐसा भी आया था जब प्रियंका मायानगरी मुंबई को अलविदा कहने का मन बना चुकी थीं. किराया देने में मुश्किल, लगातार रिजेक्शन और भविष्य को लेकर असमंजस, यह सब उन्होंने बहुत करीब से देखा. आज वही प्रियंका इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेस में गिनी जाती हैं. आइए जानते हैं, कैसे संघर्षों से गुज़रकर उन्होंने सफलता की ऊंचाइयों को छुआ.
मॉडलिंग से टीवी तक का सफर
प्रियंका चाहर चौधरी का जन्म जयपुर, राजस्थान में हुआ था. आर्मी बैकग्राउंड से ताल्लुक रखने वाली प्रियंका बचपन से ही अनुशासन और मेहनत की मिसाल रही हैं. करियर की शुरुआत उन्होंने मॉडलिंग से की थी. इसके बाद वह इवेंट होस्टिंग, फोटोशूट और म्यूजिक वीडियोज़ में दिखाई दीं.
2019 में उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा. उनका पहला शो था ‘गठबंधन’, जिसमें उन्होंने सेजल का किरदार निभाया. हालांकि यह शो बहुत लंबा नहीं चला, लेकिन प्रियंका के अभिनय को नोटिस किया गया. इसके बाद उन्होंने ‘पेंडिंग लव’, ‘लतीफ टू लादेन’ और ‘कैंडी ट्विस्ट’ जैसी फिल्मों में छोटे लेकिन असरदार रोल किए. उनका असली ब्रेक ‘उडारियां’ से मिला.
‘उडारियां’ ने बदली किस्मत
कलर्स टीवी पर आने वाला शो ‘उडारियां’ प्रियंका के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. इसमें उन्होंने तेजो संधू का किरदार निभाया, जो सीरियल की जान बन गया. उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री और इमोशनल परफॉर्मेंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया.
इस शो की बदौलत प्रियंका घर-घर में पहचान बनाने में सफल रहीं. वह टीवी की चर्चित और पसंदीदा हीरोइनों की लिस्ट में शामिल हो गईं. ‘उडारियां’ के बाद उनके फैन बेस में जबरदस्त इज़ाफा हुआ और उनके लिए नई संभावनाओं के दरवाजे खुल गए.
बिग बॉस से बढ़ी लोकप्रियता
‘उडारियां’ की सफलता के बाद प्रियंका ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 16’ में हिस्सा लिया. भले ही वह इस शो की विनर नहीं बन सकीं, लेकिन उन्होंने पूरे सीज़न में अपनी सच्चाई, आत्मविश्वास और शालीनता से लोगों का दिल जीत लिया.
बिग बॉस में उनकी जर्नी ने उन्हें एक नई पहचान दी. वह ट्रेंडिंग पर्सनालिटी बन गईं और उनके फैंस ने उन्हें “नेशनल फेवरेट” कहना शुरू कर दिया. इसी शो के दौरान प्रियंका को एकता कपूर ने नोटिस किया और नागिन सीरीज़ का ऑफर दिया. प्रियंका खुद कहती हैं कि अगर सलमान खान और एकता कपूर का सपोर्ट नहीं होता, तो शायद उन्हें यह बड़ा मौका नहीं मिलता.
नई नागिन बनीं प्रियंका
अब ‘नागिन 7’ से प्रियंका का नया अवतार सामने आ चुका है. सीरियल का लुक पोस्टर और टीज़र वायरल हो चुका है, जिसमें वह रहस्यमयी नागिन के किरदार में बेहद आकर्षक और दमदार नजर आ रही हैं. फैंस का कहना है कि नागिन फ्रेंचाइज़ी ने जहां मौनी रॉय को बॉलीवुड तक पहुंचाया, वहीं प्रियंका के लिए भी यह शो करियर का अगला बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकता है.
संघर्षों से भरा शुरुआती दौर
प्रियंका चाहर चौधरी का सफर जितना चमकदार दिखता है, उसकी शुरुआत उतनी ही कठिन थी. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब वह मुंबई आईं, तो उनके पास किराया देने तक के पैसे नहीं थे. वह एक पीजी में दूसरी लड़की के साथ एक कमरा शेयर करती थीं. कई बार उन्हें दिनभर ऑडिशन के लिए भटकना पड़ता था और काम न मिलने पर हताशा होती थी.
प्रियंका ने कहा, “मैं नहीं जानती थी कि इस शहर में किसी डायरेक्टर या प्रोड्यूसर तक कैसे पहुंचा जाए. बस हर दिन कोशिश करती थी और रिजेक्शन झेलती थी.” प्रियंका ने बताया कि उनकी रूममेट ही उन्हें कास्टिंग डायरेक्टर्स से मिलवाने का जरिया बनीं. लेकिन शुरुआती रिजेक्शन ने उनका आत्मविश्वास तोड़ दिया था. उन्होंने कहा, “एक वक्त ऐसा आया जब मैंने एक्टिंग छोड़कर अपने घर जयपुर लौटने का फैसला कर लिया था. तब अचानक मुझे ‘उडारियां’ का ऑफर मिला, और वहीं से सब बदल गया.”
परिवार की जिम्मेदारी और प्रेरणा
प्रियंका छह भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं. अपने परिवार की जिम्मेदारी उठाना उनके लिए बचपन से ही स्वाभाविक रहा. उन्होंने बताया कि शुरुआत में अपने भाई-बहनों की पढ़ाई और घर के खर्च चलाने के लिए उन्होंने मॉडलिंग और छोटे-मोटे इवेंट्स किए.
उनका मानना है कि स्ट्रगल के दौर ने उन्हें मजबूत बनाया. उन्होंने कहा, “जब आपके पास कुछ नहीं होता, तब आप सीखते हैं कि जिंदगी में हर चीज खुद कमानी पड़ती है. आज जो भी हूं, अपनी मेहनत और परिवार के भरोसे से हूं.”
अब करियर के शिखर पर
आज प्रियंका चाहर चौधरी टीवी इंडस्ट्री की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में से एक हैं. उनके पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स की लाइन लगी है, जिनमें वेब सीरीज़, विज्ञापन और एक म्यूजिक एल्बम भी शामिल है. उनके फैंस का मानना है कि नागिन के इस नए सीज़न के साथ प्रियंका के करियर को नई उड़ान मिलने वाली है. उनकी पॉपुलैरिटी केवल टीवी तक सीमित नहीं रही, बल्कि सोशल मीडिया पर भी उनके लाखों प्रशंसक हैं.
यह भी पढ़ें- डूम्सडे मशीन से लेकर भूत पनडुब्बी तक... आखिर रूस दुनिया के सामने क्यों पेश कर रहा खतरनाक हथियारों का बेड़ा?