भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक ओर जहां विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी ने राहत दी है, वहीं दूसरी ओर एक और प्रमुख बल्लेबाज के चोटिल होने से निराशा फैल गई है. इंडिया ए और साउथ अफ्रीका ए के बीच चल रही अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में पंत ने शानदार वापसी की, लेकिन इस सीरीज के दौरान रजत पाटीदार को लगी चोट अब उनके करियर के अगले कुछ महीनों को प्रभावित करने वाली है.
करीब तीन महीने तक मैदान से दूर रहने के बाद ऋषभ पंत ने इस सीरीज के जरिये क्रिकेट में कदम रखा था. हालांकि, दूसरे टेस्ट के दौरान उन्हें भी हल्की चोट लगी और कुछ देर के लिए वे रिटायर्ड हर्ट हो गए थे, मगर पंत की चोट गंभीर नहीं रही. दूसरी ओर, रजत पाटीदार के लिए यह सीरीज किसी बुरे सपने से कम नहीं रही. पहले ही मैच के दौरान उन्हें ऐसी चोट लगी जिसने न सिर्फ उनका मौजूदा दौरा खत्म कर दिया, बल्कि अगले चार महीने तक उन्हें क्रिकेट से दूर कर दिया है.
पहले टेस्ट में लगी चोट, अब लम्बा ब्रेक जरूरी
मिली जानकारी के मुताबिक, पाटीदार को पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच के दौरान चोट लगी थी. उन्होंने उस मुकाबले में पहली पारी में 19 और दूसरी में 28 रन बनाए थे. हालांकि उनके लिए सबसे बड़ी चिंता अब फिटनेस है. रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी रिकवरी में कम से कम चार महीने लग सकते हैं. इसका मतलब है कि रजत अब घरेलू क्रिकेट के मौजूदा सीजन से लगभग पूरी तरह बाहर हो चुके हैं.
मध्य प्रदेश टीम को झटका, कप्तान की कमी खलेगी
रजत पाटीदार सिर्फ भारत ए के ही नहीं बल्कि मध्य प्रदेश रणजी टीम के कप्तान भी हैं. उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के पहले ही मैच में दोहरा शतक जड़ा था और शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे. ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा झटका होगी.इस चोट के चलते वह अब रणजी ट्रॉफी के बाकी मैचों, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (नवंबर अंत) और विजय हजारे ट्रॉफी (दिसंबर अंत) तीनों टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे. मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ के लिए यह नुकसान गहरा है, क्योंकि पाटीदार न सिर्फ कप्तान हैं बल्कि टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं.
IPL 2026 से हो सकती है धमाकेदार वापसी
अगर सब कुछ योजना के अनुसार चला, तो रजत पाटीदार की वापसी IPL 2026 सीजन से होगी. वे पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान थे, और उनकी कप्तानी में ही टीम ने अपना पहला IPL खिताब जीता था. जो बेंगलुरु फैंस के लिए ऐतिहासिक पल था. अब टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि रजत पूरी तरह फिट होकर लौटेंगे ताकि RCB अपने खिताब का बचाव मजबूती से कर सके.
टीम इंडिया पर असर नहीं, लेकिन भविष्य की योजना पर सवाल
हालांकि रजत पाटीदार फिलहाल साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए भारत की मुख्य टीम का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए राष्ट्रीय स्तर पर तत्काल असर नहीं पड़ेगा. मगर भारत ए और घरेलू स्तर पर उनकी अनुपस्थिति से कई युवा खिलाड़ियों को मौका जरूर मिलेगा.इसके बावजूद, रजत की यह चोट भारतीय बेंच स्ट्रेंथ के लिए एक चेतावनी है — क्योंकि वे हाल के वर्षों में उन कुछ खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है.
पाटीदार का अब तक का प्रदर्शन और उम्मीदें
32 वर्षीय रजत पाटीदार ने बीते कुछ सीजन में अपने शानदार खेल से पहचान बनाई है. IPL में उन्होंने बेंगलुरु के लिए कई अहम पारियां खेलीं, जबकि रणजी ट्रॉफी में वे लगातार रनों का अंबार लगा रहे थे.ऐसे में उनकी चोट केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि एक संभावित भारतीय टेस्ट बल्लेबाज का भी नुकसान है.
यह भी पढ़ें: टी20 सीरीज में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दी शिकस्त, क्या इस जीत पर टीम इंडिया को मिली प्राइज मनी? जानें नियम