ऑस्ट्रेलिया पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एयरपोर्ट से संसद तक भव्य स्वागत

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा के तहत गुरुवार को कैनबरा में कदम रखा, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. यह यात्रा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा एवं रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.

rajnath singh australia visit india australia defence ties defence relations
Image Source: Social Media

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा के तहत गुरुवार को कैनबरा में कदम रखा, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. यह यात्रा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा एवं रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.

हवाई अड्डे पर ऑस्ट्रेलिया के सहायक रक्षा मंत्री पीटर खलील और ज्वाइंट ऑपरेशंस के प्रमुख वाइस एडमिरल जस्टिन जोन्स ने भारतीय रक्षा मंत्री का स्वागत किया. यह भारत की उस नीति को भी दर्शाता है, जिसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया को एक प्रमुख रणनीतिक साझेदार के रूप में देखा जाता है.

ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद राजनाथ सिंह का बयान

ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया मंच X (पूर्व में ट्विटर) पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि रॉयल ऑस्ट्रेलियन एयर फोर्स बेस, कैनबरा पर आगमन पर सहायक रक्षा मंत्री पीटर खलील द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया. मेरे मित्र और ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस के साथ द्विपक्षीय वार्ता की प्रतीक्षा है.

‘वेलकम टू कंट्री स्मोक’ से हुआ औपचारिक स्वागत

कैनबरा स्थित ऑस्ट्रेलियाई संसद भवन में राजनाथ सिंह के सम्मान में ‘वेलकम टू कंट्री स्मोक सेरेमनी’ आयोजित की गई  जो ऑस्ट्रेलिया की परंपरागत आदिवासी संस्कृति का हिस्सा है और आगंतुकों को भूमि के पारंपरिक संरक्षकों की ओर से आधिकारिक स्वागत का प्रतीक है.

रणनीतिक सहयोग को लेकर कई अहम समझौते तय

राजनाथ सिंह की इस यात्रा के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कई रणनीतिक और सैन्य सहयोग से जुड़े समझौतों पर हस्ताक्षर की संभावना है. पनडुब्बी खोज और बचाव सहयोग पर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) तैयार किया गया है, जिस पर भारत के उप नौसेना प्रमुख और ऑस्ट्रेलिया के नौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल मार्क हैमंड द्वारा हस्ताक्षर किए जाएंगे. 

संयुक्त स्टाफ वार्ता के लिए संदर्भ शर्तों पर सहमति बनाई गई है, जिस पर भारत के एकीकृत रक्षा प्रमुख और ऑस्ट्रेलिया के संयुक्त अभियान प्रमुख वाइस एडमिरल जस्टिन जोन्स हस्ताक्षर करेंगे.इसके अलावा, रक्षा खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान को लेकर एक गोपनीय व्यवस्था भी अंतिम रूप में लाई जा रही है.

राजनाथ सिंह की उच्च स्तरीय बैठकें

अपनी इस यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह कई शीर्ष नेताओं से मिलेंगे, जिनमें ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस, विदेश मंत्री पेनी वोंग, और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ शामिल हैं. इन बैठकों में दोनों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, आपसी रक्षा सहयोग, और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर सामान्य रणनीति पर चर्चा करेंगे.

यह भी पढ़ें: अफगान विदेश मंत्री का भारत दौरा, अमेरिका और पाकिस्तान की बढ़ी चिंता, तालिबान के साथ से किसे होगा फायदा?