Peddi Worldwide BO Collection: राम चरण और जान्हवी कपूर स्टारर फिल्म 'पेद्दी' सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है. रिलीज के बाद से ही फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसका असर इसकी कमाई पर भी साफ दिखाई दे रहा है. घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी फिल्म मजबूत पकड़ बनाए हुए है.
तीन दिनों में 236 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार
निर्माताओं द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 'पेद्दी' ने रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में दुनियाभर में 236.7 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. फिल्म ने बेहद तेजी से 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया, जिससे यह साल की चर्चित फिल्मों में शामिल हो गई है.
फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. 'RRR' के बाद राम चरण की यह पहली फिल्म मानी जा रही है जिसे बॉक्स ऑफिस पर इतना सकारात्मक रिस्पॉन्स मिला है. इससे पहले उनकी फिल्में 'आचार्य' और 'गेम चेंजर' अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी थीं.
तीसरे दिन भी बनी रही मजबूत पकड़
ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पेड प्रीव्यू के जरिए 18.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी. इसके बाद पहले दिन 51 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 26.90 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 28.85 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया.
हालांकि शुरुआती दिन की तुलना में कमाई में कुछ गिरावट देखने को मिली है, लेकिन फिल्म की कुल कमाई अब भी मजबूत बनी हुई है और वीकेंड पर इसे दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला है.
पहली बार साथ नजर आए राम चरण और जान्हवी कपूर
'पेद्दी' एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसमें राम चरण और जान्हवी कपूर पहली बार एक साथ बड़े पर्दे पर दिखाई दिए हैं. दोनों की जोड़ी को लेकर रिलीज से पहले ही काफी चर्चा थी.
फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है, जबकि इसके निर्माता वेंकट सतीश किलारू हैं. फिल्म में राम चरण और जान्हवी कपूर के अलावा शिवा राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.
दर्शकों की प्रतिक्रिया से बढ़ी उम्मीदें
फिल्म की कहानी, स्पोर्ट्स बैकड्रॉप और स्टारकास्ट को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है. शुरुआती बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी फिल्म मजबूत कमाई जारी रख सकती है और कई नए रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है.
ये भी पढ़ें- Bullet Train: सिर्फ 6 घंटे में पूरा होगा दिल्ली से सिलीगुड़ी का सफर! बंगाल को मिलेगी बुलेट ट्रेन की सौगात