इस मुहूर्त में होगा ध्वजारोहण, PM मोदी होंगे मुख्य अतिथि; कई VVIP गेस्ट होंगे शामिल

रामनगरी अयोध्या एक बार फिर इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में अपनी नई छाप छोड़ने जा रही है. आज, 25 नवंबर को पूरा शहर एक दिव्य उत्सव में डूबा है, क्योंकि राम मंदिर के भव्य शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्म ध्वजा फहराने वाले हैं.

Ram Mandir Dhwajarohan timing pm modi will attend
Image Source: Social Media

रामनगरी अयोध्या एक बार फिर इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में अपनी नई छाप छोड़ने जा रही है. आज, 25 नवंबर को पूरा शहर एक दिव्य उत्सव में डूबा है, क्योंकि राम मंदिर के भव्य शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्म ध्वजा फहराने वाले हैं. दीपोत्सव की तरह चमकती अयोध्या में हर ओर सजावट, सुरक्षा और श्रद्धा का अनोखा संगम दिखाई दे रहा है. विवाह पंचमी के पावन अवसर पर होने वाला यह आयोजन हिंदू आस्था और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति बन गया है.

शास्त्रों में वर्णित है कि विवाह पंचमी के दिन माता जानकी और भगवान श्रीराम का मंगल विवाह हुआ था. इसी तिथि पर अभिजीत मुहूर्त का विशेष महत्व है, क्योंकि यही वह काल है जिसमें प्रभु श्रीराम का जन्म भी हुआ था. इसी शुभ मुहूर्त में प्रधानमंत्री मोदी राम मंदिर के विशाल शिखर पर पवित्र भगवा ध्वज फहराएंगे. अभिजीत काल सुबह 11:52 से 12:35 तक रहेगा और इसे अत्यंत शुभ माना जाता है.

प्रधानमंत्री मोदी का पूरा कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह अयोध्या पहुंचकर अपने आध्यात्मिक दौरे की शुरुआत करेंगे. पीएम सबसे पहले सप्तमंदिर परिसर में दर्शन-पूजन करेंगे, जहां महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी से जुड़े मंदिर स्थित हैं. इसके बाद वे शेषावतार मंदिर और फिर माता अन्नपूर्णा मंदिर के दर्शन के लिए प्रस्थान करेंगे.

राम दरबार के गर्भगृह में पूजा-अर्चना के बाद दोपहर करीब 12 बजे पीएम मोदी श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराएंगे. यह क्षण मंदिर निर्माण के पूर्णता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की नई यात्रा की शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है.

अयोध्या में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था

कार्यक्रम की भव्यता और PM मोदी की मौजूदगी को देखते हुए अयोध्या में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है. शहर में पाँच-स्तरीय सुरक्षा घेरे तैयार किए गए हैं. एनएसजी कमांडो, एनएसजी स्नाइपर, PAC की 15 कंपनियाँ, रैपिड एक्शन फोर्स की पाँच कंपनियाँ और लगभग 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी निगरानी संभाल रहे हैं. उच्च अधिकारी स्तर पर 14 एसपी, 30 एएसपी और 90 डीएसपी की तैनाती की गई है.

हज़ारों विशेष मेहमान होंगे समारोह का हिस्सा

इस महान आयोजन का हिस्सा बनने के लिए देश की कई प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है. पीएम मोदी के साथ RSS प्रमुख मोहन भागवत, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अनेक संत-आचार्य उपस्थित रहेंगे. मोरारी बापू, चिन्मयानंद, धीरेन्द्र शास्त्री, देवकीनन्दन ठाकुर जैसी धर्मपरम्परा की प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी. उद्योग जगत से मुकेश अंबानी तथा फिल्म और खेल जगत की कई प्रसिद्ध हस्तियाँ भी आमंत्रित सूची में हैं. कुल मिलाकर साढ़े सात हजार से अधिक विशिष्ट अतिथि इस दिव्य क्षण के साक्षी बनेंगे.

यह भी पढ़ें: विवाह पंचमी पर राम मंदिर के शिखर पर ऐतिहासिक ध्वज फहराने की तैयारियां पूरी, अयोध्या में दिव्य उल्लास का माहौल