भारत में संतों की लोकप्रियता केवल उनके ज्ञान या भक्ति तक सीमित नहीं रही है, बल्कि अब सोशल मीडिया के दौर में उनका आचरण, सादगी और जनता से जुड़ाव भी बड़ी भूमिका निभाने लगे हैं. ऐसे माहौल में कुछ आध्यात्मिक चेहरों को लेकर लोकप्रियता और प्रामाणिकता के बीच की रेखा धुंधली होती जा रही है.
इन्हीं संतों में एक नाम प्रेमानंद महाराज का भी जुड़ता है, जो अपने विनम्र स्वभाव, कथावाचन और बड़े भक्त वर्ग के चलते चर्चा में रहते हैं. हाल ही में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने प्रेमानंद महाराज को लेकर सार्वजनिक रूप से तीखी प्रतिक्रिया दी, जिससे संत समाज में नई बहस छिड़ गई है.
अगर संत हैं, तो संस्कृत बोलकर दिखाएं
रामभद्राचार्य ने प्रेमानंद महाराज की शास्त्रज्ञान की योग्यता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वे स्वयं को संत मानते हैं, तो संस्कृत में एक श्लोक पढ़कर उसका हिंदी अर्थ समझाएं. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि धर्म का नेतृत्व सिर्फ मंचीय प्रस्तुति या जनभावनाओं से नहीं चलता, बल्कि इसके लिए वेद, उपनिषद, और शास्त्रों की गहराई से समझ जरूरी है.
अब कोई भी बन जाता है संत
जगद्गुरु का कहना था कि आजकल सोशल मीडिया की चमक और भीड़ जुटाने की क्षमता को ही धार्मिक नेतृत्व का पैमाना मान लिया गया है. पहले संत वे माने जाते थे, जो आध्यात्मिक रूप से प्रशिक्षित होते, गहराई से शास्त्रों का अध्ययन करते और समाज का मार्गदर्शन ज्ञान के बल पर करते. लेकिन अब मंच सज्जा और वाणी की मिठास को ही प्रमुख माना जा रहा है, जो कि धार्मिक परंपरा के लिए खतरनाक संकेत है.
चमत्कारों की वास्तविकता पर सवाल
रामभद्राचार्य ने अप्रत्यक्ष रूप से प्रेमानंद महाराज के कथित चमत्कारों और बीमारियों से जुड़ी घटनाओं को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि सच्चा चमत्कार वही है, जो धर्म की गहराई को समझता है और लोगों को शास्त्रों के सही अर्थ से जोड़ सके. केवल बीमारी से उबरना या किसी मंदिर में घूमना चमत्कार नहीं माना जा सकता.
व्यक्तिगत नहीं, सैद्धांतिक असहमति
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रेमानंद महाराज के प्रति उनके मन में कोई व्यक्तिगत नाराज़गी नहीं है. वे उन्हें 'बालक' की तरह देखते हैं. लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि धर्म को केवल भावनाओं के सहारे नहीं चलाया जा सकता. धार्मिक नेतृत्व में गहन अध्ययन, विवेक और स्थायित्व की आवश्यकता होती है.
यह भी पढ़ेंः ये सीट नहीं, कोई तख्त-ए-ताज है...मेट्रो में जब लड़ीं दो महिलाएं, वायरल VIDEO पर लोगों ने किया रिएक्ट