तहव्वुर के बाद भारत वापस आएगा भगोड़ा मेहुल चोकसी, विदेश मंत्रालय ने दी बड़ी जानकारी

गुरुवार को भारतीय विदेश मंत्रालय ने कई अहम मुद्दों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें भगोड़े मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की भारत यात्रा, कैलाश मानसरोवर यात्रा की शुरुआत और आतंकी तहव्वुर राणा से जुड़े सवालों पर जानकारी दी गई.

तहव्वुर के बाद भारत वापस आएगा भगोड़ा मेहुल चोकसी, विदेश मंत्रालय ने दी बड़ी जानकारी
Image Source: ANI

गुरुवार को भारतीय विदेश मंत्रालय ने कई अहम मुद्दों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें भगोड़े मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की भारत यात्रा, कैलाश मानसरोवर यात्रा की शुरुआत और आतंकी तहव्वुर राणा से जुड़े सवालों पर जानकारी दी गई.

मेहुल चोकसी को बेल्जियम में किया गया गिरफ्तार

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि मेहुल चोकसी को भारत के अनुरोध पर 12 अप्रैल को बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया है. भारत-बेल्जियम की एजेंसियां अब मिलकर उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में काम कर रही हैं. जल्द ही चोकसी को भारत लाया जाएगा, ताकि उसे कोर्ट में पेश किया जा सके. मेहुल चोकसी पीएनबी बैंक घोटाले का मुख्य आरोपी है और कैंसर का इलाज कराने के बहाने बेल्जियम पहुंचा था. वह वहां से स्विट्ज़रलैंड भागने की फिराक में था, लेकिन भारतीय एजेंसियों ने समय रहते कार्रवाई कर ली.

यह भी पढ़े: जगदीप धनखड़ ने अनुच्छेद 142 को क्यों कहा न्यूक्लियर मिसाइल? इस फैसले पर भड़के उपराष्ट्रपति

अमेरिकी उपराष्ट्रपति का भारत दौरा

विदेश मंत्रालय ने बताया कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 21 से 24 अप्रैल तक भारत की पहली यात्रा पर रहेंगे. उनकी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात होगी. दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा और तकनीक जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. यूएस टैरिफ (आयात शुल्क) पर बात करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर लगातार बातचीत कर रहे हैं.

 

कैलाश मानसरोवर यात्रा जल्द शुरू होगी

कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार जल्द ही जनता के लिए नोटिस जारी करेगी. यात्रा जल्द शुरू होने की उम्मीद है. तहव्वुर राणा और पाकिस्तान पर कड़ी टिप्पणी की गई. मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के मामले में प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन आतंकवाद का केंद्र बनने की जो उसकी छवि है, वो बदलने वाली नहीं है.
पाकिस्तान को चाहिए कि वह मुंबई हमले के बाकी अपराधियों पर भी सख्त कार्रवाई करे. अभी तक वो कई दोषियों को बचा रहा है, जो निंदनीय है.