Dhurandhar Box Office: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस पर असर लगातार बढ़ता जा रहा है. फिल्म रिलीज के दूसरे हफ्ते में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है. खास बात यह है कि बिना किसी तेलुगू डबिंग के बावजूद ‘धुरंधर’ को साउथ इंडिया में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है.
यही वजह है कि तेलुगू दर्शकों के बीच अब फिल्म को स्थानीय भाषा में रिलीज करने की मांग तेज हो गई है. मेकर्स ने इस पर अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया है, लेकिन आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि रणवीर सिंह की यह फिल्म दक्षिण भारत में भी बड़ी पकड़ बना चुकी है.
Dhurandhar crosses 550 crores globally in first 10 days since its release on Dec 5. pic.twitter.com/QMdLNzZr8d
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) December 15, 2025
‘अखंडा 2’ से सीधी टक्कर, फिर भी मजबूत पकड़
बीते शुक्रवार से ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपना दूसरा हफ्ता शुरू किया, वहीं उसी दिन तेलुगू सिनेमा के बड़े मास स्टार नंदमुरी बालकृष्ण उर्फ बालैय्या की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अखंडा 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई. ‘अखंडा 2’ को पैन इंडिया रिलीज मिली है और यह तेलुगू के साथ हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी आई है.
फिल्म ने पेड प्रीव्यू से ही अच्छी शुरुआत की और पहले दिन मजबूत कलेक्शन दर्ज किया. वीकेंड के दौरान इसके आंकड़े लगातार बढ़ते रहे और वर्ल्डवाइड कलेक्शन तेजी से 100 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रहा है. इसके बावजूद, बॉक्स ऑफिस पर ‘अखंडा 2’ को हिंदी फिल्म ‘धुरंधर’ से कड़ी चुनौती मिलती दिख रही है, खासकर बड़े शहरों में.
हैदराबाद में रणवीर सिंह का जलवा
तेलुगू सिनेमा के गढ़ माने जाने वाले हैदराबाद में दोनों फिल्मों के शोज की संख्या में फर्क जरूर है, लेकिन ऑक्यूपेंसी के मामले में ‘धुरंधर’ आगे निकलती नजर आई. जहां ‘अखंडा 2’ के शोज में अच्छी भीड़ रही, वहीं ‘धुरंधर’ ने कहीं ज्यादा प्रतिशत के साथ दर्शकों को आकर्षित किया.
यह इसलिए भी अहम है क्योंकि हैदराबाद में मास ऑडियंस को थिएटर तक खींचने के लिए बालकृष्ण का नाम बेहद प्रभावशाली माना जाता है. इसके बावजूद रणवीर सिंह की फिल्म का वहां ज्यादा ऑक्यूपेंसी दर्ज करना बड़े ट्रेंड की ओर इशारा करता है.
बेंगलुरु और चेन्नई में भी ‘धुरंधर’ का दबदबा
अगर दूसरे साउथ शहरों की बात करें तो बेंगलुरु में ‘धुरंधर’ ने शानदार प्रदर्शन किया है. यहां फिल्म के शोज में बेहद मजबूत ऑक्यूपेंसी देखने को मिली, जबकि ‘अखंडा 2’ अपेक्षाकृत पीछे रही. चेन्नई में भी दोनों फिल्मों के शोज लगभग बराबर रहे, लेकिन दर्शकों की मौजूदगी के मामले में रणवीर सिंह की फिल्म ने साफ बढ़त बना ली. इन आंकड़ों से यह साफ है कि साउथ के मेट्रो शहरों में ‘धुरंधर’ को खासा पसंद किया जा रहा है.
डबिंग होती तो और बड़ा होता असर
‘अखंडा 2’ की रीच साउथ इंडिया में स्वाभाविक रूप से ज्यादा है, क्योंकि यह वहां की स्थानीय फिल्म है और पैन इंडिया स्तर पर रिलीज की गई है. इसके बावजूद बिना डबिंग के केवल हिंदी वर्जन में ‘धुरंधर’ का इतने बड़े स्तर पर दर्शक जुटाना इस बात का संकेत है कि फिल्म की कहानी, स्केल और रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस ने भाषा की दीवार तोड़ दी है. यही वजह है कि यह चर्चा तेज हो गई है कि अगर फिल्म को तेलुगू समेत अन्य साउथ भाषाओं में डब कर रिलीज किया जाता, तो इसका बॉक्स ऑफिस असर और भी बड़ा हो सकता था.
10 दिनों में रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन
सिर्फ 10 दिनों के बॉक्स ऑफिस रन में ‘धुरंधर’ भारत में सैकड़ों करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी है, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस आंकड़ा भी तेजी से ऊपर चढ़ रहा है. फिल्म का प्रदर्शन यह साबित कर रहा है कि यह सिर्फ नॉर्थ इंडिया तक सीमित नहीं है, बल्कि पैन इंडिया लेवल पर दर्शकों को अपनी ओर खींचने में कामयाब रही है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर और कौन से नए रिकॉर्ड अपने नाम करती है.
यह भी पढे़ं- पाकिस्तानी गेंदबाज शाहीन अफरीदी की भारी बेइज्जती, बीच मैच में अंपायर ने छीनी गेंद; जानें पूरा मामला