India-America Relation: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने साफ किया है कि वॉशिंगटन और इस्लामाबाद के बीच हाल में बढ़ती बातचीत का असर भारत-अमेरिका की साझेदारी पर नहीं पड़ेगा. उनका कहना है कि अमेरिका की विदेश नीति बहुआयामी है, जहां वह एक साथ कई देशों के साथ काम करने का इच्छुक है, वहीं भारत के साथ उसका रिश्ता “गहरा, ऐतिहासिक और रणनीतिक रूप से बेहद अहम” बना रहेगा.
रूबियो ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा, “भारत के साथ हमारा रिश्ता किसी भी दूसरे देश के साथ रिश्तों के खर्च पर नहीं है. पाकिस्तान के साथ हमारी बातचीत सीमित नहीं, बल्कि कई मोर्चों पर सहयोग की दिशा में है, लेकिन भारत-अमेरिका साझेदारी हमारे लिए स्थायी प्राथमिकता है.” उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत एक परिपक्व लोकतंत्र है, जो समझता है कि वैश्विक राजनीति में कई देशों के साथ संवाद बनाए रखना जरूरी होता है.
पाकिस्तान के साथ नए सिरे से साझेदारी की कोशिश
अमेरिकी विदेश मंत्री ने बताया कि वॉशिंगटन इस समय पाकिस्तान के साथ एक “नए रणनीतिक ढांचे” पर काम कर रहा है. उन्होंने कहा, “हम पाकिस्तान के साथ पुराने आतंकवाद-रोधी सहयोग को आगे बढ़ाते हुए आर्थिक और खनिज संसाधनों पर भी साझेदारी बढ़ाना चाहते हैं.” रूबियो ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान के साथ रिश्ते हमेशा सरल नहीं रहे, लेकिन अमेरिका अब अवसरों की तलाश में है जहाँ दोनों देश मिलकर कार्य कर सकें.
भारत की चिंताओं पर अमेरिका का आश्वासन
भारत की संभावित चिंता पर पूछे गए सवाल के जवाब में रूबियो ने कहा, “भारत की चिंताएं वाजिब हैं, लेकिन हम यह सुनिश्चित करेंगे कि संतुलन बना रहे. भारत खुद भी ऐसे देशों से रिश्ते रखता है जिनसे अमेरिका की दूरी है. यही आधुनिक कूटनीति की परिपक्वता है.”
अमेरिका-पाकिस्तान रिश्तों में दिखी नई गर्माहट
हाल के महीनों में अमेरिका और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तेजी से सुधार देखा गया है. दोनों देशों के बीच 500 मिलियन डॉलर के निवेश वाला महत्वपूर्ण खनिज साझेदारी समझौता हुआ है. इसके अलावा, तेल भंडारण, व्यापार और ऊर्जा सहयोग जैसे क्षेत्रों में भी सहमति बनी है.
ट्रंप की तारीफ और नया समीकरण
रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर की प्रशंसा करते हुए उन्हें “बेहतरीन लोग” बताया. ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध को रोककर “लाखों जानें बचाईं.”
यह भी पढ़ें- समर्थक लगा रहे थे नारे तभी टूट गया अनंत सिंह का मंच, धड़ाम से गिरे बाहुबली नेता, देखें वायरल वीडियो