'अखंडा 2' की नई रिलीज डेट आई सामने, इस दिन सिनेमाघरों में नंदमुरी बालकृष्ण का दिखेगा एक्शन

Akhanda 2 Release Date: तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘अखंडा 2’ पिछले दिनों अचानक पोस्टपोन होने की वजह से फैंस को निराश कर गई थी, लेकिन अब उनके चेहरे पर दोबारा मुस्कान लौट आई है.

release date of Akhanda 2 Nandamuri Balakrishna action will be seen in theaters on this day
Image Source: Social Media

Akhanda 2 Release Date: तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘अखंडा 2’ पिछले दिनों अचानक पोस्टपोन होने की वजह से फैंस को निराश कर गई थी, लेकिन अब उनके चेहरे पर दोबारा मुस्कान लौट आई है. पहले यह फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन कुछ अनिवार्य परिस्थितियों और कानूनी जटिलताओं के कारण इसकी रिलीज़ को टालना पड़ा. 

इस फैसले के बाद फिल्म को लेकर काफी विवाद भी उठे, जिसमें मेकर्स और एक बड़े प्रोडक्शन हाउस के बीच कानूनी बहस देखने को मिली. अब ताज़ा अपडेट यह है कि फिल्म को नई रिलीज़ डेट मिल गई है और मेकर्स ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है.

12 दिसंबर को रिलीज़ होगी ‘अखंडा 2’

फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे 14 रील्स प्लस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक नया पोस्टर जारी करते हुए बताया कि ‘अखंडा 2’ अब 12 दिसंबर को थिएटर्स में दस्तक देगी, जबकि इसका ग्रैंड प्रीमियर 11 दिसंबर को होगा. मेकर्स ने लिखा कि दर्शकों को “डिवाइन डिस्ट्रक्शन” का अनुभव देने के लिए फिल्म पूरी तरह तैयार है और जल्द ही टिकट बुकिंग शुरू कर दी जाएगी. यह घोषणा सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का जोश और भी बढ़ गया है.

क्यों पोस्टपोन हुई थी फिल्म? कोर्ट का बड़ा आदेश

फिल्म की रिलीज़ रोकने का फैसला किसी प्रोडक्शन देरी के कारण नहीं बल्कि मद्रास हाई कोर्ट के आदेश की वजह से लिया गया था. ईरोस इंटरनेशनल मीडिया लिमिटेड द्वारा दायर एक अपील पर अदालत ने फिल्म पर तब तक रोक लगाने का निर्देश दिया, जब तक कि एक पुराने मध्यस्थता मामले से जुड़ी लगभग 28 करोड़ रुपए की बकाया राशि और 14 प्रतिशत ब्याज का निपटारा नहीं हो जाता. कोर्ट का कहना था कि बकाया भुगतान किए बिना फिल्म को थिएटर, डिजिटल या सैटेलाइट प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती. ईरोस का यह भी दावा था कि 14 रील्स प्लस उसी प्रोडक्शन हाउस का नया रूप है और बकाया चुकाए बिना फिल्म जारी होने से मेकर्स को अनुचित लाभ मिल सकता है.

ब्लॉकबस्टर ‘अखंडा’ का दमदार सीक्वल

‘अखंडा 2’ साल 2021 में रिलीज़ हुई ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर ‘अखंडा’ का सीक्वल है, जिसे बॉयापति श्रीनू ने डायरेक्ट किया था और जिन्होंने बालकृष्ण के मास अवतार को एक नई पहचान दी थी. सीक्वल में बालकृष्ण के साथ सम्युक्ता, आदि पिनिसेट्टी और हर्षाली मल्होत्रा अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. थमन एस का दिया हुआ म्यूजिक पहले ही दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय हो चुका है और फिल्म की वाइब को और भी भव्य बनाता है. मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म दर्शकों को देवतुल्य शक्ति और एक्शन का ऐसा संगम दिखाएगी, जिसकी उम्मीद वे लंबे समय से कर रहे थे.

पोस्टपोनमेंट ने ही बढ़ा दी फिल्म की क्रेज

रिलीज़ के टलने के बावजूद फिल्म का क्रेज कम होने के बजाय और बढ़ गया है. BookMyShow पर तीन लाख से अधिक लोग फिल्म में इंटरेस्ट दिखा चुके हैं और यूएस में सिर्फ छह घंटों में साढ़े सात हजार से ज्यादा टिकटें बिक चुकी हैं. मोक्शा मूवीज और सिने गैलेक्सी यूएसए मिलकर एक भव्य प्रीमियर की तैयारी कर रहे हैं. फैंस का मानना है कि यह पोस्टपोनमेंट फिल्मों के प्रति उनकी उत्सुकता को पहले से कहीं ज्यादा बढ़ा चुका है.

यह भी पढे़ं- लो जी...! अब तो ट्रेलर भी आ गया, इस दिन शुरू होगा 'द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो' सीजन 4