जहां एक ओर 'बिग बॉस 19' ने हमेशा की तरह चर्चा बटोरी, वहीं इस साल दर्शकों का ध्यान खींचा एक नए कॉन्सेप्ट पर बने रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ ने. मशहूर कारोबारी अशनीर ग्रोवर द्वारा प्रस्तुत इस शो में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स और एक्टर्स ने बंद घर में रहकर कई दिलचस्प मोड़ पैदा किए. अब जब शो अपने ग्रैंड फिनाले की ओर बढ़ रहा है, तो एक बार फिर चर्चाओं में हैं भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह, जिनकी शो में ज़ोरदार वापसी हो गई है.
कुछ वक्त पहले तक पवन सिंह शो का हिस्सा थे, लेकिन किसी कारणवश उन्होंने बीच में शो छोड़ दिया था. हालांकि, अब 17 अक्टूबर को होने वाले फिनाले एपिसोड के लिए उनकी दोबारा एंट्री करवाई गई है. शो के मेकर्स द्वारा शेयर किए गए प्रोमो वीडियो में पवन सिंह की 'फुल पावर' वापसी देखने को मिलती है. वीडियो की शुरुआत आकृति नेगी और धनश्री वर्मा की स्टेज पर धमाकेदार परफॉर्मेंस से होती है, तभी बैकग्राउंड में पवन सिंह की दमदार आवाज गूंजती है. “तुम पांच घंटा चिल्लाओगे, 30 सेकेंड चुप रहकर भी पवन सिंह टीवी पर दिखेगा तो टीआरपी उस 30 सेकेंड की ही आएगी.” इसके बाद मंच पर होती है पवन सिंह की जोरदार एंट्री. जैसे ही स्क्रीन पर “Powerstar Returns” फ्लैश होता है, ऑडियंस का उत्साह चरम पर पहुंच जाता है.
फाइनलिस्ट की हुई घोषणा, पवन का खास परफॉर्मेंस
इस खास फिनाले में पवन सिंह अपने सुपरहिट भोजपुरी गानों पर स्टेज परफॉर्मेंस देते नजर आएंगे. उनके साथ मंच साझा करेंगे शो के बाकी फाइनलिस्ट्स और कंटेस्टेंट्स. मंच पर उनके साथ नजर आए अर्जुन बिजलानी, अरबाज पटेल और आरुष जैसे पॉपुलर चेहरे. इस दौरान दर्शकों को जबरदस्त एंटरटेनमेंट का तड़का देखने को मिलेगा.
कौन हैं शो के फाइनलिस्ट?
अब जब शो अपने आखिरी चरण में है, तो फाइनलिस्ट्स की घोषणा कर दी गई है. इस लिस्ट में शामिल हैं. अरबाज पटेल, अर्जुन बिजलानी, धनश्री वर्मा, आकृति नेगी, आरुष, नयनदीप रक्षित. इन प्रतिभागियों ने पूरे शो में न सिर्फ अपनी मौजूदगी से दर्शकों को जोड़े रखा, बल्कि टास्क्स और आपसी समीकरणों से भी खूब सुर्खियां बटोरीं.
क्यों है 'राइज एंड फॉल' चर्चा में?
‘राइज एंड फॉल’ का फॉर्मेट ‘बिग बॉस’ से अलग जरूर है, लेकिन उसकी लोकप्रियता कुछ कम नहीं रही. शो के दो हिस्से – पेंटहाउस और बेसमेंट – कंटेस्टेंट्स की जिंदगी को दो अलग स्तरों पर दर्शाते हैं. पवन सिंह ने पेंटहाउस में रहते हुए अपनी मस्ती और मनोरंजन से सभी का दिल जीता था.
यह भी पढ़ें: नहीं रहे ‘कर्ण’ के रूप में दिलों में बसे पंकज धीर, लंबे समय से थे कैंसर से पीड़ित