टीवी के लोकप्रिय अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने हाल ही में मशहूर शो ‘राइज एंड फॉल’ का खिताब जीतकर अपनी सफलता का परचम लहरा दिया है. होस्ट अशनीर ग्रोवर ने फिनाले एपिसोड में अर्जुन को विजेता घोषित किया, जिसके बाद उनकी जीत की खुशी सोशल मीडिया पर जमकर देखने को मिली. अर्जुन की ट्रॉफी के साथ तस्वीरें और जीत का वीडियो वायरल हो गए हैं, जिसमें वे पूरी उत्साह और गर्व के साथ नजर आ रहे हैं.
‘राइज एंड फॉल’ के फाइनल मुकाबले में अर्जुन बिजलानी का सामना आरुष भोला से हुआ. कड़ी टक्कर के बाद अर्जुन ने आरुष को मात दी और शो का खिताब अपने नाम किया. वहीं, आरुष को फर्स्ट रनर अप का खिताब मिला जबकि अरबाज पटेल सेकेंड रनर अप रहे. इसके अलावा धनश्री वर्मा, नयनदीप रक्षित और आकृति नेगी भी इस प्रतियोगिता में मुकाबला कर रहे थे. अंततः इंटरनल वोटिंग के आधार पर अर्जुन बिजलानी को सबसे ज्यादा वोट मिले और वे विजेता घोषित हुए.
जीत का श्रेय पत्नी नेहा स्वामी को दिया
जीत के बाद अर्जुन बिजलानी ने मीडिया से बातचीत में अपनी खुशी जताई और इस जीत का श्रेय अपनी पत्नी नेहा स्वामी को दिया. उन्होंने बताया कि असल में उनकी सबसे बड़ी खुशी अपने परिवार के साथ वक्त बिताने में है. अर्जुन ने कहा,“मेरी जीत का असली क्रेडिट मेरी बीवी को जाता है. सच कहूं तो मैं सबसे ज्यादा अपने घर जाकर आराम करना चाहता हूं और अपने बेटे को गले लगाना चाहता हूं. यही मेरी असली खुशी है.”
जीत के साथ मिला 30 लाख रुपये का इनाम
‘राइज एंड फॉल’ के सीजन 1 के विजेता अर्जुन बिजलानी को करीब 30 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी मिला है. कुल मिलाकर उन्होंने शो से 28,10,000 रुपये जीतकर घर वापसी की है. अर्जुन की इस जीत पर फैंस ने सोशल मीडिया पर जमकर बधाइयां दी हैं और कहा कि वे पूरी तरह से अर्जुन के विजेता बनने के हकदार थे.
'राइज एंड फॉल' का भव्य फिनाले, जिसमें शामिल होंगे भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह
इस शो का ग्रैंड फिनाले 17 अक्टूबर 2025 को प्रसारित होगा, जिसे होस्ट कर रहे हैं अशनीर ग्रोवर. फिनाले में दर्शकों को रणनीति, ड्रामा और भावनाओं का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा. इस मौके पर भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह भी नजर आएंगे, जिससे शो का रोमांच और भी बढ़ गया है. फैंस इसे MX Player और Amazon Prime Video पर स्ट्रीम कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: क्या मनोज बाजपेयी लड़ेंगे विधानसभा चुनाव? एक्टर ने खुद वायरल VIDEO की बताई सच्चाई