रायपुर में खेले गए भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मुकाबले के दौरान इनिंग ब्रेक में ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान ला दी. भारतीय टीम 358 रन के लक्ष्य का बचाव करने उतरने ही वाली थी कि उसी दौरान कप्तान रोहित शर्मा और एक्सट्रा प्लेयर ऋषभ पंत के बीच एक मासूम-सा पल कैमरे में कैद हो गया. मैदान पर फील्डिंग सेट हो रही थी, लेकिन डगआउट के पास हो रही इस छोटी-सी घटना ने सोशल मीडिया को पूरी तरह जगा दिया.
डगआउट के सामने खड़े रोहित शर्मा की कलाई से गिरी हुई एक पलक पर ऋषभ पंत की नज़र पड़ गई. पंत तुरंत झुककर उसे उठाते हैं और बचपन वाली मासूमियत में रोहित को कहते हैं कि इस पलक पर विश करके फूंक मारें. 90 के दशक में यह मान्यता खूब लोकप्रिय थी कि टूटी पलक पर मन की इच्छा बोलकर उसे उड़ाने पर वह पूरी हो जाती है. पंत की यही क्यूट हरकत इस मैच का सबसे प्यारा पल बन गई.
पलक पर विश कर रोहित ने क्या मांगा होगा?
रोहित भी मुस्कुराते हुए पंत की बात मान जाते हैं और पलक पर हल्की-सी फूंक मारकर विश कर देते हैं. इसके बाद दोनों खिलाड़ी आसमान की ओर देखने लगते हैं. यह पूरा दृश्य सेकंडों में वायरल हो गया और फैंस ने इसे “पूकी एक्ट” कहना शुरू कर दिया. हालांकि रोहित ने क्या इच्छा मांगी — यह राज़ अब भी उनके और उस पलक के बीच ही है.सोशल मीडिया पर फैंस मज़ाकिया अंदाज़ में तरह–तरह के अनुमान लगा रहे हैं. कोई मान रहा है कि रोहित ने अगले मैच में शतक की दुआ की होगी, तो कोई कह रहा कि उनकी विश 2027 वर्ल्ड कप टीम को लेकर रही होगी.
पंत लगातार दूसरी बार प्लेइंग इलेवन से बाहर
ऋषभ पंत भले ही भारतीय स्क्वॉड में मौजूद हैं, लेकिन उन्हें लगातार दूसरे मैच में भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बनाया गया. रांची वनडे में भी वह डगआउट में ही बैठे रहे थे. विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी कप्तान केएल राहुल निभा रहे हैं, जिससे फैंस के बीच पंत को लेकर चर्चा और बढ़ गई है.
रोहित की पारी इस बार छोटी रही
रांची के पहले वनडे में रोहित शर्मा बेहतरीन फॉर्म में दिखे थे, जहाँ उन्होंने 51 गेंदों पर 57 रन की तेज़तर्रार पारी खेली. रायपुर में भी उन्होंने शुरुआत दमदार की और सिर्फ आठ गेंदों में तीन चौके जड़ दिए. लेकिन यह लय लंबे समय तक नहीं चल सकी और वह 14 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि उनका यह छोटा स्कोर भी उनके आक्रामक मूड की झलक दिखा गया.
यह भी पढ़ें: गंभीर को अब 'गंभीर' होना पड़ेगा... 2027 वर्ल्ड कप में विराट रोहित की एंट्री इज ऑन!