1 गेंद पर गिरे 2 विकेट, मैदान पर कदम रखने से पहले ही आउट हुई बल्लेबाज, क्रिकेट में हुआ गजब कारनामा!

भूटान की बल्लेबाज रितशी चोडेन इंटरनेशनल क्रिकेट में टाइम आउट होने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गईं. यह घटना एसीसी महिला प्रीमियर कप के दौरान नेपाल और भूटान के बीच खेले गए मुकाबले में देखने को मिली.

Ritshee Choden first woman timed out cricket Nepal vs Bhutan ACC Premier Cup
Image Source: Social Media

क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता है और समय-समय पर इसमें ऐसे नजारे देखने को मिलते हैं जो वर्षों तक याद रखे जाते हैं. हाल ही में महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ऐसा ही दुर्लभ रिकॉर्ड बना, जिसने दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. भूटान की बल्लेबाज रितशी चोडेन इंटरनेशनल क्रिकेट में टाइम आउट होने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गईं. यह घटना एसीसी महिला प्रीमियर कप के दौरान नेपाल और भूटान के बीच खेले गए मुकाबले में देखने को मिली.

90 सेकंड की देरी बनी आउट होने की वजह

भूटान की टीम 114 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और मैच की पहली ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज न्गावांग चोडेन अपना विकेट गंवा बैठीं. इसके बाद रितशी चोडेन को बल्लेबाजी के लिए आना था, लेकिन वह निर्धारित समय के भीतर क्रीज पर नहीं पहुंच सकीं. क्रिकेट के नियमों के मुताबिक नए बल्लेबाज को तय समय सीमा में बल्लेबाजी के लिए तैयार होना होता है. समय सीमा पार होने पर विपक्षी टीम की अपील पर अंपायर बल्लेबाज को टाइम आउट करार दे सकते हैं, और यही रितशी चोडेन के साथ हुआ.

एक गेंद पर दो विकेट गिरने से मचा हड़कंप

नेपाल की खिलाड़ियों ने टाइम आउट की अपील की, जिसे अंपायरों ने स्वीकार कर लिया. रितशी चोडेन जब हेलमेट और दस्ताने पहनकर मैदान पर पहुंचीं तब तक काफी देर हो चुकी थी. अंपायरों से संक्षिप्त बातचीत के बाद उन्हें आउट घोषित कर दिया गया. इस तरह भूटान ने बिना कोई रन बनाए सिर्फ एक गेंद के भीतर दो विकेट गंवा दिए. क्रिकेट में यह बेहद दुर्लभ स्थिति मानी जाती है, जिसने मैच को चर्चा का विषय बना दिया.

नेपाल बोर्ड ने जताया खेद, भूटान को मिली हार

हालांकि फैसला पूरी तरह नियमों के तहत था, लेकिन मैच के बाद नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन ने इस घटना पर खेद जताया. बोर्ड ने कहा कि यह कदम क्रिकेट की उस भावना और मूल्यों के अनुरूप नहीं था, जिन्हें बढ़ावा देने की कोशिश की जाती है. दूसरी ओर, शुरुआती झटकों से भूटान की टीम उबर नहीं सकी और पूरे मैच में दबाव में नजर आई. लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम निर्धारित स्कोर तक नहीं पहुंच सकी और उसे 51 रनों से हार का सामना करना पड़ा.

ये भी पढ़ें: खेलने का तरीका बदलना... पहले उपकप्तानी गई, अब कोच गौतम गंभीर ने ऋषभ पंत को दिया कड़ा संदेश