IND A vs SL A: ऋतुराज गायकवाड़ ने जड़ा शानदार शतक, राहुल द्रविड-गौतम गंभीर के साथ इस खास लिस्ट में हुए शामिल

Rituraj Gaikwad: इंडिया ए के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने श्रीलंका ए के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया. उन्होंने 112 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

Rituraj Gaikwad smashed a brilliant century joining Rahul Dravid and Gautam Gambhir in this special list
Image Source: Social Media

Rituraj Gaikwad: इंडिया ए के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने श्रीलंका ए के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया. उन्होंने 112 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. उनकी इस पारी के दौरान धैर्य और समझदारी से बल्लेबाजी देखने को मिली. शतक तक पहुंचने के लिए उन्होंने सिर्फ 9 चौके लगाए.

राहुल द्रविड और गौतम गंभीर की बराबरी

यह ऋतुराज गायकवाड़ के लिस्ट-ए करियर का 21वां शतक था. इसी के साथ उन्होंने भारत के दो दिग्गज बल्लेबाजों राहुल द्रविड और गौतम गंभीर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. अब इन तीनों खिलाड़ियों के नाम लिस्ट-ए क्रिकेट में 21-21 शतक दर्ज हैं. गायकवाड़ के शतक पूरा करते ही डगआउट में मौजूद भारतीय खिलाड़ियों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया और तालियां बजाईं.

लिस्ट-ए क्रिकेट में 21 शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • 21 शतक - राहुल द्रविड
  • 21 शतक - गौतम गंभीर
  • 21 शतक - ऋतुराज गायकवाड़

तिलक वर्मा के साथ की बड़ी साझेदारी

श्रीलंका ए के खिलाफ इस मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ ने तिलक वर्मा के साथ शानदार शतकीय साझेदारी भी की. दोनों बल्लेबाजों ने टीम की पारी को संभालते हुए बड़े स्कोर की नींव रखी. हालांकि युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके और 14 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं तिलक वर्मा ने 60 रन बनाए, जबकि प्रियांश आर्य ने 32 रनों का योगदान दिया.

ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला

यह मैच इंडिया ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच खेली जा रही ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला है. तीनों टीमों के लिए यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का बड़ा मौका माना जा रहा है.

भारत के लिए सबसे ज्यादा लिस्ट-ए शतक किसके नाम?

हालांकि ऋतुराज गायकवाड़ ने 21 शतक पूरे कर लिए हैं, लेकिन भारत के लिए सबसे ज्यादा लिस्ट-ए शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में वह अभी काफी पीछे हैं. लिस्ट-ए क्रिकेट में वे सभी मैच शामिल होते हैं जो एक दिन में पूरे होते हैं और जिनमें आमतौर पर 40 से 50 ओवर खेले जाते हैं. भारत के लिए सबसे ज्यादा लिस्ट-ए शतक लगाने का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है. उनके बाद विराट कोहली दूसरे और रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर हैं.

भारत के लिए सबसे ज्यादा लिस्ट-ए शतक

  • 60 शतक - सचिन तेंदुलकर
  • 59 शतक - विराट कोहली
  • 37 शतक - रोहित शर्मा
  • 31 शतक - सौरव गांगुली

ऋतुराज गायकवाड़ की यह पारी उनके शानदार फॉर्म का संकेत है. अगर वह इसी तरह रन बनाते रहे तो आने वाले समय में कई बड़े रिकॉर्ड उनके नाम हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें- आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना से मुफ्त राशन तक... 12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां